जहानाबाद, 5 जून। भीषण गर्मी और हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में हुई अग्निकांड की घटनाओं को देखते हुए जिला अग्निशमन विभाग द्वारा शुक्रवार को विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला अग्निशमन पदाधिकारी स्नेही सोनल के नेतृत्व में टीम ने जिले के सरकारी एवं निजी अस्पतालों, होटल, रेस्टोरेंट, पेट्रोल पंप तथा अन्य प्रमुख संस्थानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने अस्पतालों में उपलब्ध फायर सेफ्टी उपकरणों, अग्निशामक यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) की वैधता अवधि, उनकी कार्यक्षमता तथा ऑक्सीजन सिलेंडरों सहित अन्य सुरक्षा संसाधनों की गहन जांच की। अधिकारियों ने संस्थानों के संचालकों को बताया कि अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच और समय-समय पर उनका नवीनीकरण अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उनका प्रभावी उपयोग किया जा सके। जिला अग्निशमन पदाधिकारी स्नेही सोनल ने कहा कि हाल ही में दिल्ली में हुए भीषण अग्निकांड तथा बिहार के विभिन्न जिलों में सामने आई आगजनी की घटनाओं ने फायर सेफ्टी को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं। इसके अलावा, जहानाबाद में भी हाल के दिनों में सीएनजी गैस से संबंधित आग लगने की घटना सामने आई थी। इन घटनाओं से सबक लेते हुए जिले में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों की जांच की गई। जहां भी कमियां पाई गईं, वहां संचालकों को आवश्यक सुधार के लिए निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि फायर सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्नेही सोनल ने कहा कि बड़े संस्थानों में शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव, विद्युत उपकरणों में खराबी अथवा अन्य कारणों से कभी भी आग लग सकती है। ऐसी परिस्थितियों में जान-माल की सुरक्षा के लिए पूर्व तैयारी और सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन अस्पतालों, होटलों, रेस्टोरेंटों या अन्य संस्थानों में अनिवार्य फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध नहीं पाए जाएंगे या सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जाएगा, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित संस्थान को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। अग्निशमन विभाग ने सभी संस्थानों से अपील की है कि वे फायर सेफ्टी नियमों का पालन सुनिश्चित करें और नियमित रूप से अपने सुरक्षा उपकरणों की जांच कराते रहें, ताकि किसी भी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा
Jehanabad News: Special inspection campaign by the fire department, strict fire safety instructions to hospitals and hotels


















