जहानाबाद मध्य रात्रि में पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद कोटा किरण कुमार ने मखदुमपुर थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, मालखाना, हाजत, अभिलेखों के संधारण, लंबित कांडों की प्रगति तथा थाना क्षेत्र की विधि-व्यवस्था की स्थिति की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना में संधारित महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं लंबित मामलों की बारीकी से जांच करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित कांडों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। साथ ही जन शिकायतों का त्वरित एवं संवेदनशील तरीके से निवारण करने का निर्देश दिया।

एसपी कोटा किरण कुमार ने फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने, लंबित वारंट एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई प्रभावी ढंग से निष्पादित करने तथा अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए कानून का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा पुलिस पदाधिकारियों को जनता के साथ बेहतर व्यवहार एवं पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी विशेष जोर दिया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
Jehanabad News: SP Kota Kiran Kumar conducted a surprise inspection of Makhdumpur Police Station at midnight and issued instructions for the speedy disposal of pending cases.


















