सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया गया विशेष जांच अभियान
जहानाबाद। जिले में विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में 26 और 27 नवंबर की मध्यरात्रि को पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में काको स्थित मंडल कारा में औचक छापेमारी की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से जेल प्रशासन में हलचल मच गई। छापेमारी के दौरान कारागार के सभी वार्डों, सेल और अन्य संवेदनशील स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। इस दौरान सघन तलाशी अभियान भी चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना, कारागार के अंदर विधि-व्यवस्था बनाए रखना तथा किसी भी तरह की अवैध और आपत्तिजनक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना था। अधिकारियों ने जेल के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की जांच की। साथ ही कारागार की आंतरिक व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
इस औचक छापेमारी के दौरान जेल अधीक्षक, उप विकास आयुक्त (डीडीसी), अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर एवं घोषी, घोषी और काको थानाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। अभियान में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने समन्वय के साथ तलाशी अभियान को अंजाम दिया।
गौरतलब है कि जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समय-समय पर इस तरह के औचक निरीक्षण और तलाशी अभियान चलाए जाते हैं, ताकि कारागार के अंदर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित गतिविधियों की आशंका को समाप्त किया जा सके। जहानाबाद पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिले में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी के साथ-साथ आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Jehanabad News: SP conducts surprise raid at Kako sub-jail in the middle of the night; thorough searches carried out in all wards and cells.



















