जहानाबाद के काको प्रखंड स्थित अमथुआ आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-142 में आज ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार की समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता शामिल हुईं। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र की गतिविधियों का जायजा लिया और बच्चों एवं महिलाओं से संवाद किया। काको के अमथुआ स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद गुब्बारे छोड़कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान देशभक्ति गीत और राष्ट्रीय गीत की प्रस्तुति भी हुई।
मंत्री ने आंगनवाड़ी केंद्र में मौजूद बच्चों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने मंत्री के सामने कविताएं और पोयम प्रस्तुत कीं। बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए मंत्री ने उन्हें मिठाई खिलाई और उपहार भी दिए। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी कराई गई। मंत्री ने स्वयं महिलाओं की गोद भराई की और उन्हें उपहार प्रदान किए। वहीं, बेहतर कार्य करने वाली आंगनवाड़ी सेविकाओं और जीविका दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विभिन्न योजनाओं और विभागीय गतिविधियों से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों के लिए कई गतिविधियां आयोजित की गईं। मंत्री ने इन गतिविधियों में भाग लेकर महिलाओं और बच्चों का उत्साह बढ़ाया। समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ बिहार सरकार की पहल है, जिसका उद्देश्य महिलाओं के सशक्तीकरण के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और विकास का वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और आंगनवाड़ी केंद्रों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। कार्यक्रम में जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया सहित जिले के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा और जदयू के जिलाध्यक्ष सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और महिलाओं के सशक्तीकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं को समुदाय तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
Jehanabad News: Social Welfare Minister visits children and women at the ‘Aangan Ka Milan’ program.



















