जहानाबाद। जिले की विभिन्न नदियों में जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण इलाकों में लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मोरहर नदी समेत कई नदियां उफान पर हैं। कई गांवों में पानी प्रवेश करने से लोगों को आवागमन और दैनिक जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच सोमवार की शाम एक बुजुर्ग व्यक्ति की नहर में डूबने से मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मुस्तीचक से जगन बीघा को जोड़ने वाला पुल भी बढ़े जलस्तर की चपेट में आ गया था। बताया जा रहा है कि पुल पर पानी चढ़ जाने के कारण वह काफी फिसलन भरा हो गया था। इसी दौरान मुस्तीचक निवासी बुजुर्ग राम सृष्टि यादव दूसरे गांव में भोज खाने के लिए जा रहे थे। पुल पार करने के दौरान उनका पैर फिसल गया और वे पानी में गिर गए। पानी का बहाव तेज होने के कारण वे डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद बुजुर्ग को पानी से बाहर निकाला और तत्काल जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार राय ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना झुनाठी थाना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी अजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जलस्तर बढ़ने के बावजूद पुल पर पानी होने की स्पष्ट जानकारी नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलमग्न पुलों और रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था करने तथा लोगों को सतर्क करने की मांग की है।
Jehanabad News: Rivers in spate due to rising water levels; elderly man drowns in canal.



















