जहानाबाद। समाहरणालय में शुक्रवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इसमें सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और विद्यालयों की बुनियादी व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विद्यालयवार विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति के आंकड़ों की समीक्षा की गई। जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति 40 प्रतिशत से कम पाई गई है, वहां कम उपस्थिति के कारणों की पहचान कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि अधिक से अधिक बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय से जोड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
जिला पदाधिकारी ने शिक्षकों की नियमित और समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचें और पठन-पाठन में पूरी जिम्मेदारी के साथ भागीदारी निभाएं। विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया।
मध्याह्न भोजन में वास्तविक उपस्थिति के आधार पर भोजन तैयार करने का निर्देश
मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा के दौरान भोजन की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने को कहा गया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि एमडीएम के लाभान्वित विद्यार्थियों की संख्या और विद्यालय में वास्तविक रूप से उपस्थित विद्यार्थियों की संख्या में अंतर नहीं होना चाहिए। जितने विद्यार्थी विद्यालय में उपस्थित हों, उसी के अनुरूप मध्याह्न भोजन तैयार और वितरित किया जाए। पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
विद्यालयों में छात्र-शिक्षक उपस्थिति, पठन-पाठन और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने को कहा गया। अधिकारियों को विद्यालयों की वास्तविक स्थिति का अनुश्रवण कर कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार सहित सभी प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और शिक्षा विभाग के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
Jehanabad News: Reasons for low attendance in schools to be identified; emphasis on transparency in the Mid-Day Meal scheme.



















