जहानाबाद। हुलासगंज थाना परिसर में शनिवार को आरक्षी अधीक्षक अपराजित लोहान की अध्यक्षता में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान थानाध्यक्ष अरविंद किशोर समेत पुलिस अधिकारी, पुलिसकर्मी और चौकीदार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए आरक्षी अधीक्षक ने कहा कि सरकार द्वारा आम लोगों की समस्याओं की जानकारी लेकर उनके त्वरित समाधान के लिए यह पहल शुरू की गई है। साथ ही पुलिसिंग व्यवस्था में और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है, इस पर भी सुझाव लिए जा रहे हैं। आरक्षी अधीक्षक ने उपस्थित लोगों से सीधा संवाद कर उनका परिचय प्राप्त किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर संबंधित मामलों के अनुसंधान अधिकारियों के साथ तत्काल समीक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी गई। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि उनके मामलों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आरक्षी अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज का निर्माण संभव है। इस अवसर पर पुलिस हेल्पलाइन, साइबर अपराध से बचाव तथा सामुदायिक पुलिसिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी लोगों को दी गईं। कार्यक्रम के अंत में आरक्षी अधीक्षक ने अपराध मुक्त समाज के निर्माण में आम जनता से सहयोग की अपील की।
Jehanabad News: Public dialogue program organized under the chairmanship of Superintendent of Police in Hulasganj police station premises.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












