राजनीतिक भागीदारी और सम्मान की उठी मांग
जहानाबाद आगामी 17 जून को पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित होने वाली कानू अधिकार रैली को लेकर शुक्रवार को जहानाबाद के एक निजी होटल में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में कानू विकास संघ के पदाधिकारियों ने रैली की रूपरेखा साझा की और समाज की लंबित मांगों को दोहराया।
क्या बोले प्रदेश अध्यक्ष अजय कानू?
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कानू विकास संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय कानू ने कहा कि आज़ादी के 77 साल बाद भी कानू समाज सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से पिछड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि यह समाज आज भी सत्तू, भांजा, पकौड़ी, लिट्टी, जाता, सिलौटी जैसे परंपरागत व्यवसायों से जीवन यापन करता है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें राजनीतिक हिस्सेदारी से वंचित रखा गया है।
अजय कानू ने आरोप लगाया कि कानू समाज पर हो रहे अत्याचारों, हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाओं पर सरकार चुप्पी साधे बैठी है। उन्होंने कहा कि रैली के माध्यम से सरकार से 6 प्रमुख मांगें की जाएंगी:
प्रमुख मांगें:
- कानू जाति को SC/ST सूची में शामिल किया जाए।
- 2025 के विधानसभा चुनाव में जनसंख्या के अनुपात में सत्ता में भागीदारी दी जाए।
- SC/ST अत्याचार निवारण कानून की तर्ज पर कानू जाति के लिए विशेष कानून बनाया जाए।
- ‘कंसार’ परंपरागत पेशे को उद्योग का दर्जा दिया जाए और कंसार आयोग का गठन किया जाए।
- राज्यसभा, विधानसभा, आयोग, निगम और बोर्डों में कानू समाज को प्रतिनिधित्व मिले।
- आगामी विधानसभा चुनाव में कम से कम 9 विधानसभा सीटें कानू समाज को दी जाएं।
जिले से भी बड़ी भागीदारी की उम्मीद:
अजय कानू ने बताया कि इस रैली में बिहार के सभी 38 जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने इसे कानू समाज के अधिकारों की ऐतिहासिक लड़ाई करार दिया।
अन्य पदाधिकारी भी रहे मौजूद:
प्रेस वार्ता में कानू विकास संघ के नवल प्रसाद कानू (जिला अध्यक्ष, जहानाबाद), अनिल कुमार (जिला संरक्षक), विकास कुमार (बेला प्रखंड अध्यक्ष), और अजय कुमार (युवा जिला अध्यक्ष) सहित कई अन्य पदाधिकारी और समाज के वरिष्ठ लोग मौजूद रहे।
Jehanabad News Press conference in Jehanabad regarding the law rights rally to be held on June 17 in Patna
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












