बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति ने अभिभावकों को किया भावुक, डांडिया की धुन पर बच्चों और माता-पिता ने जमकर किया नृत्य
जहानाबाद शहर के गांधी मैदान स्थित बचपन प्ले स्कूल में नवरात्र के पावन अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बचपन प्ले स्कूल और फ्लाइंग कलर्स एकेडमी के बच्चों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। दोनों स्कूलों के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों को धारण कर अपनी मनमोहक प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। रंग-बिरंगे परिधानों और आकर्षक वेशभूषा में सजे बच्चों को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो मां दुर्गा के नौ स्वरूप स्वयं धरती पर उतर आए हों। बच्चों की इस आकर्षक प्रस्तुति को देखकर अभिभावक भावविभोर हो गए। कई अभिभावकों की आंखों में खुशी के आंसू भी छलक पड़े।
कार्यक्रम का आयोजन बचपन प्ले स्कूल के संचालक अरुण प्रवाल के निर्देशन एवं अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर फ्लाइंग कलर्स एकेडमी के संचालक मोनाल प्रवाल भी उपस्थित रहे। दोनों विद्यालयों के बच्चों के साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों को प्रस्तुत कर नवरात्र की धार्मिक महत्ता और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक पेश की। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब छोटे-छोटे बच्चे मां दुर्गा के नौ स्वरूपों में सजे मंच पर पहुंचे। अपनी चंचलता और नटखट अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले बच्चे इस दौरान पूरी गंभीरता और आत्मविश्वास के साथ अपनी भूमिका निभाते नजर आए। दोनों विद्यालयों के बच्चों ने मिलकर मां के विभिन्न स्वरूपों को जीवंत किया। उनकी वेशभूषा, प्रस्तुति और भाव-भंगिमाओं ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बच्चों की प्रस्तुति देखकर अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और त्योहारों के महत्व को समझने का अवसर मिलता है। बचपन से ही बच्चों को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने से उनमें आत्मविश्वास, मां दुर्गा के स्वरूपों की पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद बच्चों की प्रस्तुति के बाद मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की गई। बचपन प्ले स्कूल के संचालक अरुण प्रवाल ने विधिवत पूजा कर बच्चों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। दोनों विद्यालयों के बच्चों और उनके अभिभावकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी। शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की।
अरुण प्रवाल बोले- अभिभावकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण
इस अवसर पर बचपन प्ले स्कूल के संचालक अरुण प्रवाल ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम केवल विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयास से सफल नहीं होते, बल्कि इसमें अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। छोटे बच्चों को तैयार करना, उन्हें संबंधित स्वरूप में सजाना और मंच पर प्रस्तुति देने के लिए प्रेरित करना अभिभावकों के सहयोग से ही संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों में तैयार करना और उन्हें मंच पर सहज बनाए रखना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। इसके बावजूद बच्चों ने जिस उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी भूमिका निभाई, वह सराहनीय है। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले अभिभावकों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं, फ्लाइंग कलर्स एकेडमी के संचालक मोनाल प्रवाल कीbउपस्थिति और विद्यालय के बच्चों की भागीदारी ने कार्यक्रम को और खास बना दिया। दोनों विद्यालयों के बच्चों ने मिलकर धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।
डांडिया की धुन पर बच्चों और अभिभावकों ने लगाए ठुमके
कार्यक्रम के अंतिम चरण में पारंपरिक डांडिया का आयोजन किया गया। डांडिया की धुन बजते ही बच्चों के साथ उनके माता-पिता और शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने ताल से ताल मिलाकर नृत्य किया और एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं। बच्चों के साथ अभिभावकों का उत्साह भी देखते ही बन रहा था। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल बना रहा। बचपन प्ले स्कूल और फ्लाइंग कलर्स एकेडमी की इस संयुक्त पहल ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ना भी है। ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सांस्कृतिक समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Jehanabad News: Navratri celebrations in full swing at Bachpan Play School and Flying Colors Academy; little children embody the nine forms of Goddess Durga.



















