एसएस कॉलेज में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण, डीएम छिरिंग वाई भूटिया ने सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने की अपील की
जहानाबाद। देश के प्रथम गृह मंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित स्वामी सहजानंद सरस्वती महाविद्यालय (एसएस कॉलेज) के सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिंग वाई भूटिया ने की।
कार्यक्रम के दौरान गुजरात से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। इसमें जिला पदाधिकारी के साथ जिले के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, प्रबुद्धजन, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सभी ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और राष्ट्रीय एकता के महत्व को समझा।
लाइव प्रसारण के बाद जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिंग वाई भूटिया ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, संघर्ष और देश के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखने की सीख देता है। रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और एकजुटता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों, समाजसेवियों और छात्र-छात्राओं ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा इसके लिए समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ ली। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकजुटता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का आयोजन गृह विभाग के अंतर्गत होमगार्ड सह अग्निशमन, जहानाबाद की ओर से किया गया।
Jehanabad News: National Unity Day observed on Sardar Patel’s birth anniversary; DM administers pledge of unity and integrity



















