जहानाबाद शहर में शुक्रवार शाम दर्धा नदी के किनारे जमा कचरे में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग से उठने वाला घना धुआं नदी पर बने पुल और आसपास के क्षेत्र में फैल गया, जिससे पुल से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए यातायात धीमा पड़ गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को जानकारी दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इसके बाद धुआं धीरे-धीरे कम हुआ और यातायात सामान्य हो सका। अग्निशमन पदाधिकारी विजय कुमार मंडल ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया आशंका है कि कचरे में आग लगने से यह घटना हुई है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

उन्होंने कहा कि शहर के बीचों-बीच इस तरह की घटनाएं समय रहते नियंत्रित नहीं की जाएं तो बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कचरे में आग लगाने जैसी लापरवाही न करें और ऐसी कोई भी घटना दिखाई देने पर तुरंत अग्निशमन विभाग या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Jehanabad News: Massive fire in garbage dump along the Dardha River; traffic disrupted for hours due to thick smoke.


















