DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Jehanabad News: खरीफ 2025-26: संतुलित उर्वरक उपयोग पर ज़ोर,कालाबाज़ारी पर सख़्ती

जहानाबाद खरीफ 2025-26 की तैयारी के तहत जहानाबाद में जिला उर्वरक निगरानी समिति की बैठक  जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण, उपयोग एवं कालाबाज़ारी की रोकथाम जैसे अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि जिले में धान समेत अन्य खरीफ फसलों की बुआई एवं रोपनी प्रारंभ हो चुकी है। इस अवसर पर किसानों को वैज्ञानिक अनुशंसाओं के आधार पर संतुलित उर्वरक उपयोग की सलाह दी गई, जिससे फसलों की उत्पादकता में वृद्धि हो और मिट्टी की उर्वरता लंबे समय तक बनी रहे।

अनुशंसित उर्वरक प्रयोग विधियां इस प्रकार हैं:

  • सिंचित भूमि में समय पर बुआई हेतु: 150:60:40 किग्रा NPK/हेक्टेयर
  • सिंचित भूमि में विलंबित बुआई हेतु: 120:60:40 किग्रा NPK/हेक्टेयर
  • असिंचित भूमि हेतु: 90:30:20 किग्रा NPK/हेक्टेयर

DAP, यूरिया एवं म्यूरेट ऑफ पोटाश की इन संस्तुतियों के अनुरूप सटीक मात्रा तय की गई है।

उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता

जिला कृषि पदाधिकारी श्रीमती संभावना ने बताया कि जिले में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। वर्तमान में जिले में यूरिया – 5123.79 टन, डीएपी – 1014.63 टन, एमओपी – 319.65 टन, एनपीकेएस – 2735.65 टन और एसएसपी – 534.55 टन उपलब्ध है। सभी प्रतिष्ठानों और पॉइंट ऑफ सेल (POS) केंद्रों पर भी पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया गया है।

कालाबाज़ारी पर ज़ीरो टॉलरेंस नीति

राज्य सरकार द्वारा खाद की कालाबाज़ारी पर सख़्त रुख अपनाया गया है। निर्धारित मूल्य से अधिक पर बिक्री, टैगिंग द्वारा भ्रामक विक्रय या कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने पर संबंधित प्रतिष्ठानों पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुज्ञप्ति रद्द की जाएगी।

जिलाधिकारी पांडेय ने निर्देश दिया कि सभी उर्वरक निरीक्षक माह में कम से कम दो बार औचक निरीक्षण करें, जबकि प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

उर्वरक नियंत्रण कक्ष की स्थापना

संयुक्त कृषि भवन, जहानाबाद में एक उर्वरक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो उर्वरकों के वितरण, मूल्य दर, गुणवत्ता आदि की सतत निगरानी करेगा। किसानों की शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु हेल्पलाइन नंबर भी सक्रिय कर दिया गया है।

कृषकों से अपील

जिला प्रशासन द्वारा सभी कृषकों से अपील की गई है कि वे संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करें, जैविक उर्वरकों को अपनाएं और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा दें। उर्वरक से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या अनियमितता की जानकारी नियंत्रण कक्ष या हेल्पलाइन पर दी जा सकती है।

Jehanabad News: Kharif 2025-26: Emphasis on balanced fertilizer use, strict action against black marketing

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News