जहानाबाद:बिहार सरकार की पहल के तहत वरीय प्रशासनिक अधिकारियों को जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जहानाबाद जिले के शकूराबाद थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान की अध्यक्षता में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। एसपी ने सीधे लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई लोगों ने अपनी शिकायतों से संबंधित आवेदन भी सौंपे। एसपी ने कुछ फरियादियों से अलग से बात कर मामलों की विस्तृत जानकारी ली। जनसंवाद के दौरान बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या, भूमि विवाद के मामलों का त्वरित निष्पादन, पुलिस गश्त बढ़ाने तथा प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग प्रमुख रूप से उठी।

जनप्रतिनिधियों ने भी स्थानीय स्तर की समस्याओं से एसपी को अवगत कराया। कार्यक्रम के बाद एसपी अपराजित लोहान ने थाना स्तर के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और अनुसंधान में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया। साथ ही कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतना भी है।
एसपी ने बताया कि डीजीपी के निर्देशानुसार हर थाना क्षेत्र में नियमित रूप से जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों की समस्याओं को मौके पर ही सुना और उनका समाधान किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस के साथ-साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को भी जनता के बीच जाकर संवाद बढ़ाना चाहिए, जिससे प्रशासन और आम लोगों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो सके।
Jehanabad News: Initiative to strengthen trust through police-public dialogue, SP held a review meeting.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












