बिहार में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हिट वेव अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। जहानाबाद में लू लगने से एक 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।मृतक की पहचान जहानाबाद जिले के नेहालपुर निवासी अजीत कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अजीत कुमार शुक्रवार दोपहर किसी जरूरी घरेलू सामान की खरीदारी के लिए बाजार गए थे। दोपहर के समय तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच बाजार में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। गर्म हवाओं और लू की चपेट में आने से वे बेहोश होकर गिर पड़े।
आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद अजीत कुमार को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. उदय शंकर ने बताया कि युवक की मौत हिट वेव और लू लगने के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ता तापमान लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल रहा है और थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

भीषण गर्मी और हिट वेव के कारण लोगों की तबीयत तेजी से बिगड़ रही है। खासकर दोपहर 11 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें। अधिक मात्रा में पानी पिएं, शरीर को हाइड्रेट रखें और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।” अजीत कुमार की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वर्ष गर्मी ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। डॉक्टरों और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम में हल्के और सूती कपड़े पहनें, खाली पेट घर से बाहर न निकलें, अधिक से अधिक पानी और ओआरएस का सेवन करें तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें, ताकि लू जैसी खतरनाक स्थिति से बचा जा सके।
Jehanabad News: Heat wave wreaks havoc: 27-year-old man dies while going to market, family mourns



















