शनि, अप्रैल 4, 2026

Jehanabad News: शिक्षा व्यवस्था शर्मसार, विद्यालय परिसर में दो शिक्षकों के बीच जमकर मारपीट


जहानाबाद जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां विद्यालय परिसर ही मारपीट का अखाड़ा बन गया। मामला घोसी प्रखंड के कन्या प्राथमिक विद्यालय, देहुनी गांव का है, जहां दो शिक्षकों के बीच करीब आधे घंटे तक जमकर मारपीट हुई। बाद में ग्रामीणों के हस्तक्षेप से दोनों शिक्षकों को शांत कराया गया।
घटना के संबंध में शिक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि वह विद्यालय परिसर के सामने मोटर चलाकर पानी का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान उसी विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक राजू कुमार वहां पहुंचे और मोटर बंद कर दी। जब मुकेश कुमार ने मोटर बंद करने का कारण पूछा तो राजू कुमार आक्रोशित हो गए और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में मुकेश कुमार जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद उनके साथ लात-घूंसे से मारपीट की गई तथा उनकी शर्ट भी फाड़ दी गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।
बताया जा रहा है कि विवाद की मुख्य वजह विद्यालय के प्रभार और मध्यान भोजन संचालन को लेकर चल रहा आपसी तनाव है। जानकारी के अनुसार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा अब तक विद्यालय का प्रभार औपचारिक रूप से नहीं दिया गया है। वर्तमान में मध्यान भोजन का संचालन शिक्षक राजू कुमार कर रहे हैं। आरोप है कि छात्रों की उपस्थिति अधिक दिखाने को लेकर मुकेश कुमार विरोध कर रहे थे। इसी मुद्दे को लेकर दोनों शिक्षकों के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था, जो अंततः मारपीट में बदल गया। वहीं शिक्षक राजू कुमार ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह मध्यान भोजन का संचालन कर रहे थे और मुकेश कुमार उन्हें यह कार्य करने से रोकना चाहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वह अपने कार्य में लगे हुए थे, तभी अचानक मुकेश कुमार ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विद्यालय के छात्रों ने भी घटना की पुष्टि की है। पांचवीं कक्षा के छात्र संतोष कुमार ने बताया कि दोनों शिक्षकों के बीच विद्यालय में मारपीट हुई। वहीं छात्रा लवली कुमारी ने बताया कि प्रार्थना के दौरान ही दोनों शिक्षकों के बीच विवाद शुरू हो गया, जिसमें मुकेश कुमार को कई जगह चोट लगी है। मामले को लेकर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नीरज कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से घटना की सूचना मिली है और वे स्वयं विद्यालय जाकर मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी शिक्षक दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली बताया।
अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और विद्यालयों में अनुशासन बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Jehanabad News: Education system shamed, two teachers fight fiercely in school premises

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News