DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Jehanabad News: दहेज दानवों ने ली एक और बहु की जान, वर्ष 2022 में हुई थी शादी

जहानाबाद: जिले के परसबिगहा थाना क्षेत्र से एक बार फिर दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने समाज को झकझोर कर रख दिया है। ग्राम साहपुर में रहने वाली नवविवाहिता शोभा कुमारी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसे दहेज के लिए गला घोंटकर मार डाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि ससुराल पक्ष के सभी लोग घटना के बाद से फरार हैं।

2022 में हुई थी शादी, मांगा जा रहा था अतिरिक्त दहेज

मृतका के भाई अभिजीत कुमार, जो जगदीशपुर (निलामपर), परसबिगहा के निवासी हैं, ने बताया कि उनकी बहन शोभा की शादी वर्ष 2022 में ग्राम साहपुर के रंजन कुमार से हिंदू रीति-रिवाज के साथ चार लाख नकद व एक मोटरसाइकिल दहेज में देकर की गई थी। इसके बावजूद शादी के बाद से ही ससुराल वाले लगातार और पैसे की मांग कर रहे थे। अभिजीत के अनुसार, उनकी बहन को पति, ससुर, सास और जेठ मिलकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। एक माह पूर्व भी 50 हजार रुपये दिए गए थे, लेकिन फिर भी संतोष नहीं हुआ।

मौत की सूचना पर पहुंचे परिजन, गला दबाने के निशान मिले

स्थानीय मुखिया बबलू कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके वालों को सूचना दी कि शोभा की मौत हो गई है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि शोभा मृत अवस्था में पड़ी थी और उसके गले पर चोट के निशान थे, जिससे यह प्रतीत होता है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है।

पुलिस ने शव किया कब्जे में, ससुराल वाले फरार

घटना की सूचना मिलते ही परसबिगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य मौके पर मौजूद नहीं है।

थाना प्रभारी ने कहा – जांच के बाद होगी पुष्टि

थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि की जा सकेगी। फिलहाल इस मामले को प्राथमिकता के साथ जांच में लिया गया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

न्याय की मांग परिजनों की

मृतका के परिवार ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई और बहु दहेज की बलि न चढ़े।

Jehanabad News: Dowry demons took the life of another daughter-in-law, the marriage took place in the year 2022

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News