जहानाबाद: शहर स्थित राम लखन सिंह यादव कॉलेज में विवाद लगातार गहराता जा रहा है। अपनी मांगों और विभिन्न समस्याओं को लेकर कुछ दिनों पूर्व कॉलेज के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया था। इसके बाद 15 अगस्त को विवाद दो पक्षों के बीच मारपीट तक पहुंच गया। घटना के अगले दिन 16 अगस्त को कॉलेज के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं जमीन दाताओं के परिजनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कॉलेज की व्यवस्था और प्रबंधन को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए गए। पूर्व मुखिया छोटन प्रसाद ने आरोप लगाया कि कॉलेज में वर्तमान में न तो कोई सचिव है और न ही प्राचार्य। उन्होंने दावा किया कि कॉलेज की व्यवस्था पर ऐसे लोगों का कब्जा है, जिनकी भूमिका और अधिकार को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि इसी कारण कॉलेज में लगातार विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

उन्होंने कॉलेज की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने, प्रबंधन व्यवस्था को दुरुस्त करने और मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं, कॉलेज के प्रोफेसर राजेश्वर प्रसाद ने कहा कि कॉलेज से जुड़ी समस्याओं को लेकर शिक्षक एवं कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल विश्वविद्यालय के कुलपति से मिल चुका है। उन्होंने बताया कि कुलपति के समक्ष कॉलेज की वर्तमान स्थिति और विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया है तथा जल्द समाधान कराने का आग्रह किया गया है। कॉलेज में हुए विवाद और मारपीट की घटना के बाद परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। शिक्षक एवं कर्मचारियों का कहना है कि कॉलेज की व्यवस्था को लेकर उत्पन्न समस्याओं का स्थायी समाधान जरूरी है। अब पूरे मामले में विश्वविद्यालय स्तर से होने वाली कार्रवाई और आगे की पहल पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
Jehanabad News: Dispute escalates at Ram Lakhan Singh Yadav College; teachers and staff hold press conference to present their side.



















