शकूराबाद पुलिस ने की छापेमारी, आरोपी फरार
रतनी (जहानाबाद): जिले में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। ताज़ा मामला पतिआवाॅ गांव का है, जहां बुधवार की रात बारात से लौट रहे युवकों को घात लगाए अपराधियों ने रोक कर फायरिंग और मारपीट की। यह घटना देर रात लगभग 1:30 बजे की है।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पत्रकार मनोहर सिंह के पुत्र की बारात टेहटा गई थी। बारात समाप्त होने के बाद कुछ युवक मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। जब वे मोरहर नदी पार कर पतिआवाॅ गांव के पास पहुंचे, तभी छिपे अपराधियों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी। करीब पांच-छह की संख्या में आए अपराधियों ने युवकों को घेर कर उनके साथ मारपीट भी की और मोटरसाइकिल छीनने की कोशिश की।
जख्मी युवक किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे और घर पहुंच कर निजी चिकित्सक से इलाज कराया गया। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधियों की पहचान कर ली गई है। बताया जा रहा है कि फायरिंग और मारपीट में शामिल मुख्य आरोपी शकूराबाद थाना क्षेत्र के मच्छारा गांव का निवासी है, जिसे पूर्व में पिस्तौल लहराने के वायरल वीडियो के चलते पुलिस ने हिरासत में लिया था।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका है, लेकिन पुलिस रिकॉर्ड में नाम नहीं आने के कारण अब तक बचता आ रहा है। इससे उसके हौसले और बढ़ गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पत्रकार मनोहर सिंह ने शकूराबाद थाना अध्यक्ष को सूचित किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। साथ ही, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की गई, लेकिन सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
Jehanabad News: Criminals fired and beat up youths returning from the wedding procession, the youth narrowly escaped
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












