जहानाबाद। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन बिहार के पाँच जिलों में 4 मई से शुरू हो चुका है, जिसमें देशभर के युवा खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपना हुनर दिखा रहे हैं। इसी क्रम में 9 मई 2025 को पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अंडर-18 बालिका वर्ग का रग्बी फाइनल मैच आयोजित किया गया।
बिहार की रग्बी टीम ने क्वार्टर फाइनल में केरल को 57-0 से, सेमीफाइनल में राजस्थान को 27-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में बिहार की बेटियों ने उड़ीसा की मजबूत टीम को भी शानदार खेल के दम पर 27-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
जहानाबाद जिले के लिए यह और भी गर्व का क्षण रहा, क्योंकि ग्राम घोसी, परसबिगहा थाना क्षेत्र, प्रखंड जहानाबाद की सलोनी कुमारी ने इस ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई। उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, अमैन की कक्षा 11वीं की छात्रा सलोनी ने पहले भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है।
अमैन पंचायत में अविनाश कुमार के मार्गदर्शन में सलोनी समेत कई बालक-बालिकाएं रग्बी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित कर रहे हैं।
सलोनी की सफलता पर जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडे, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा पूनम कुमारी, और खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विनय कुमार ने सलोनी, उनके प्रशिक्षक और परिवार को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेल मंत्रालय, भारत सरकार, बिहार सरकार और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महत्त्वपूर्ण आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करना है, ताकि उनकी प्रतिभा को पहचान और दिशा मिल सके।
Jehanabad News: Bihar rugby team won gold in Khelo India Youth Games 2025, excellent performance by Saloni of Jehanabad
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












