जहानाबाद। शहर को अतिक्रमणमुक्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को नगर परिषद के कर्मचारियों और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान फुटपाथ दुकानदार संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा के नेतृत्व में सैकड़ों फुटपाथ दुकानदारों ने अतिक्रमण हटाने में कथित भेदभाव का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। दुकानदारों का कहना था कि शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पहले भी कई बार की जा चुकी है, लेकिन आरोप है कि नगर परिषद के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से कुछ दुकानदारों को कार्रवाई से नजरअंदाज किया जाता है, जबकि छोटे फुटपाथ दुकानदारों पर सख्ती दिखाई जाती है। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान जुर्माना वसूलने के साथ-साथ ठेले तोड़े गए। सब्जी और फल-जूस बेचने वाले दुकानदारों के ठेले तोड़े जाने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई।
फुटपाथ दुकानदारों का कहना था कि यदि किसी दुकानदार पर अतिक्रमण को लेकर ₹500 का जुर्माना लगाया गया है, तो उसे जगह खाली करने का निर्देश देकर आगे के लिए चेतावनी दी जा सकती थी। जुर्माना लेने के बाद ठेला तोड़ना दुकानदारों को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाने वाला कदम है। विरोध के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब आक्रोशित दुकानदारों ने नगर परिषद के कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को कुछ समय के लिए रोक दिया और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। बाद में दुकानदारों ने अपनी मांगों और व्यवस्था को देखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जारी रखा। फुटपाथ दुकानदार संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा ने कहा कि संघ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के खिलाफ नहीं है, लेकिन कार्रवाई समान रूप से और बिना भेदभाव के होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां नगर परिषद की व्यवस्था और कार्रवाई उचित रही, वहां दुकानदारों ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।उन्होंने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने में दोरंगी नीति अपनाई जा रही है। यदि भविष्य में भी छोटे दुकानदारों के खिलाफ ही कार्रवाई की गई और प्रभावशाली लोगों को छोड़ दिया गया, तो फुटपाथ दुकानदार संघ इसके खिलाफ धारदार आंदोलन करने को बाध्य होगा।संघ ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए स्पष्ट और समान नियम बनाए जाएं तथा सभी दुकानदारों पर एक समान कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।



















