जहानाबाद समाहरणालय, जहानाबाद में गैस उठाव एवं वितरण व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने की, जिसमें जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि पिछले दिनों कुल बुकिंग की संख्या 3431 रही, जबकि लंबित बुकिंग 15589 है। पिछले दिन 4106 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया। जिले में कुल 9017 स्टॉक उपलब्ध है, जिससे लगभग 3.1 दिनों की खपत पूरी की जा सकती है, जो अब घटकर 2.7 दिन रह गई है।
जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि पहले से बुकिंग कर चुके उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करें। साथ ही, एजेंसियों को उपलब्ध स्टॉक का उपयोग करते हुए प्रत्येक दिन शाम तक अधिकतम वितरण करने के निर्देश दिए गए।
उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और ऑनलाइन माध्यम से ही गैस बुकिंग करें। किसी प्रकार की समस्या होने पर जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की सलाह दी गई है। जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर 06114-223013 जारी किया गया है, जहां 24 घंटे सहायता उपलब्ध है।
बैठक में यह भी बताया गया कि जिले में अब तक प्राप्त 118 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। सभी प्रखंडों में गठित टीमों द्वारा लगातार निगरानी और छापेमारी की जा रही है, जिससे कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से पैनिक होकर बुकिंग करने की जरूरत नहीं है।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Jehanabad News: Administration strict regarding gas supply, instructions to ensure timely delivery
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












