DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Happy Birthday Rishi Kapoor! Remembering The Legend

Happy Birthday Rishi Kapoor!

फिल्मी पर्दे पर रोमांटिक अभिनय से ऋषि कपूर ने सिनेमा प्रशंसकों में बनाई अलग पहचान

Happy Birthday Rishi Kapoor!
Happy Birthday Rishi Kapoor!

बॉलीवुड में 70 का दशक फिल्मी पर्दे पर रोमांटिक अभिनय की शुरुआत माना जाता है। ‌उस दौर में सुपर स्टार राजेश खन्ना की दीवानगी पूरे देश भर में सिर चढ़कर बोलती थी। उसके बाद साल 1973 में फिल्मी परिवार से आने वाले एक 21 साल के युवा ने बतौर एक्टर के रूप में फिल्म ‘बॉबी’ से धमाकेदार एंट्री की। हालांकि यह अभिनेता पहले भी कुछ फिल्मों में बाल कलाकार के रूप में आ चुके थे। बॉबी उस साल की बड़ी सुपरहिट फिल्म हुई । उसके बाद बॉलीवुड में रोमांटिक फिल्में बनाने को लेकर नया ‘क्रेज’ शुरू हो गया । यह युवा एक्टर और कोई नहीं बल्कि बॉलीवुड के महान कलाकार, निर्माता-निर्देशक राज कपूर के मझले बेटे ऋषि कपूर थे। फिल्म बॉबी में ऋषि कपूर के साथ 16 साल की आयु में अभिनेत्री के तौर पर एंट्री करने वाली डिंपल कपाड़िया की जोड़ी को दर्शकों ने खूब सराहा। आज अभिनेता ऋषि का जन्मदिवस है। भले ही ऋषि हमारे बीच नहीं हैं लेकिन लाखों सिनेमा प्रशंसक, बॉलीवुड कलाकार जन्मदिवस पर उन्हें सोशल मीडिया पर याद कर रहे हैं। ऋषि कपूर का जन्म 4 सितम्बर 1952 को मुंबई में हुआ था। उनका घर का नाम ‘चिंटू’ था। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा मुंबई के ही कैंपियन स्कूल में और अपनी कॉलेज की शिक्षा ‘मेयो कॉलेज’ अजमेर से पूरी की। ऋषि कपूर ने अपनी खूबसूरती और फिल्मों में रोमांटिक किरदारों से फैंस के दिलों में अपनी खास जगह बनाई । उन्होंने कई बड़े सितारों के साथ अभिनय किया। फिल्मी परिवार से होने के कारण ऋषि कपूर को बचपन से ही अभिनय का शौक था । महान अभिनेता राज कपूर के घर जन्मे ऋषि कपूर तीनों भाइयों में सबसे सफल रहे। बड़े भाई रणधीर कपूर और छोटे भाई राजीव कपूर का फिल्मी करियर लंबा नहीं चल सका। ऋषि कपूर ने एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया और दर्शकों का मनोरंजन किया। सिनेमा प्रशंसक उनकी एक्टिंग के दीवाने थे।

ऋषि कपूर ने साल 1970 में फिल्म मेरा नाम जोकर से डेब्यू किया था—

यहां हम आपको बता दें कि ऋषि कपूर ने साल 1970 में अपने पिता की फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ से बॉलीवुड ‘डेब्यू’ किया था। फिल्म में ऋषि ने अपने पिता के बचपन का रोल निभाया । हालांकि ऋषि कपूर पहले भी राज कपूर की निर्देशित फिल्म ‘श्री 420’ में चाइल्ड एक्टर का रोल निभा चुके थे।लेकिन बॉबी फिल्म से ऋषि कपूर एक रोमांटिक हीरो के तौर पर स्थापित हो गए थे, इस फिल्म में उनका किरदार युवाओं में मस्ती और मोहब्बत की दीवानगी का प्रतीक बन गया था। इस फिल्म में ऋषि कपूर और डिंपल के चरित्र को इस तरह से गढ़ा गया था कि वो उस दौर में युवाओं की बेचैनी और कुछ कर गुजरने की तमन्ना को प्रतिबिंबित कर सके। फिल्म की अपार सफलता के बाद ऋषि कपूर को बॉलीवुड में रोमांटिक अभिनेता का खिताब मिल गया था। ऋषि कपूर को ‘बॉबी’ के लिए 1974 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार से मिला था । बॉबी फिल्म रिलीज होने से पहले राज कपूर की आर्थिक स्थिति बहुत ही खराब थी। इसका कारण था कि वह फिल्म मेरा नाम जोकर निर्माण के दौरान अच्छी खासी पूंजी दांव पर लगा चुके थे । मेरा नाम जोकर की असफलता के बाद राज कपूर टूट गए थे। उसके बाद राज कपूर ने बेटे ऋषि कपूर को लेकर फिल्म बॉबी की शुरुआत की। इस फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद राज कपूर की आर्थिक स्थिति सुधर गई थी । साथ ही ऋषि कपूर का भी फिल्मी करियर तेजी के साथ दौड़ने लगा।

ऋषि कपूर ने अपने एक्टिंग से हर वर्ग में छोड़ी अपनी अमिट छाप—

ऋषि कपूर ने अपने एक्टिंग के बल पर सिनेमा के सभी आयु के वर्ग में अपनी अमिट छाप छोड़ी। राज कपूर के तीनों बेटों में वे सबसे कामयाब माने जाते हैं। ‌
उन्होंने कर्ज, जहरीला इंसान, रफूचक्कर, खेल-खेल में, अमर अकबर अंथॉनी, लैला मजनू, मुल्क, नसीब प्रेम रोग, नगीना, सरगम, कुली, सिंदूर, हिना, बोल राधा बोल, दीवाना चांदनी, दामिनी, कहानी घर घर की जैसी तमाम फिल्मों में काम किया है। ऋषि कपूर की आखिरी फिल्म ‘द बॉडी’ थी। रीयल लाइफ के साथ-साथ रील लाइफ में भी दर्शकों को नीतू सिंह और ऋषि कपूर की जोड़ी बेहद पसंद आई। दोनों की प्रेम कहानी यश चोपड़ा की फिल्म ‘कभी-कभी’ से शुरू हुई थी। दोनों ने 22 जनवरी 1980 को एक दूसरे से शादी कर ली। शादी के बाद नीतू सिंह ने अपने फिल्मी करियर को अलविदा कर दिया। उनके रिद्धिमा और रणबीर कपूर संतान हैं । रणबीर कपूर बॉलीवुड एक्टर के तौर पर स्थापित हैं। ऋषि कपूर ने पिछले कुछ वर्षों से फिल्मों में चरित्र रोल में भी नजर आ रहे थे। लेकिन कैंसर से ऋषि कपूर जिंदगी की जंग हार गए। उन्होंने करीब दो सालों तक कैंसर से जंग लड़ी । कैंसर का इलाज कराने ऋषि न्यूयॉर्क भी गए थे ।
आखिरकार 30 अप्रैल साल 2020 में ऋषि कपूर ने दुनिया को अलविदा कह दिया । ऋषि कपूर के जन्मदिन के मौके पर उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी ने सोशल मीडिया पर अपने पिता को याद करते हुए एक बचपन की तस्वीर के साथ इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। इसके साथ उनकी पत्नी नीतू सिंह और बेटे रणबीर कपूर ने पिता को याद करते हुए सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखी ।

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News