बांग्लादेश की राजधानी ढाका में गुरुवार की रात एक दुखद हादसा हो गया। ढाका में एक सात मंजिल की बिल्डिंग में आग लगने से 44 लोगों की मौत हो गई है। 20 से अधिक गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को उपचार के लिए ढाका के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बांग्लादेश के स्वास्थ्यमंत्री डॉ सामंत लाल सेन ने कहा- रात करीब 9:50 बजे पहली मंजिल पर बने रेस्तरां में आग लगी और तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। यहां कई और रेस्तरां और एक कपड़े की दुकान थी। भीषण आग की वजह से अन्य लोग इमारत की छत पर ही फंस गए और लोगों से मदद की मदद की गुहार लगा रहे थे।

बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी), रैपिड एक्शन बटालियन (आरएबी), जनरल अंसार और अंसार गार्ड बटालियन (एजीबी) की मदद से आग की लपटों को बुझाने के लिए 13 दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग बुझाने में करीब ढाई घंटे लगे।जिसमें सात मंजिला ग्रीन कोजी कॉटेज से 70 लोगों को बचाया गया। इलाज कर रहे डॉक्टर्स का कहना है कि कुछ शव बुरी तरह जल गए हैं। उनकी पहचान मुश्किल है। आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। वहीं आग पर काबू पाने के लिए संघर्ष कर रहे दमकल कर्मियों ने बताया कि ज्यादातर पीड़ितों की मौत इमारत से कूदने या जलने और दम घुटने से लगी चोटों के कारण हुई। बता दें कि सुरक्षा नियमों की ढिलाई की वजह से बांग्लादेश में अपार्टमेंट इमारतों और फैक्ट्री परिसरों में आग लगना आम बात है। जुलाई 2021 में, एक फूड प्रोसेसिंग फैक्ट्री में आग लगने से कई बच्चों समेत करीब 52 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं फरवरी 2019 में, ढाका के कई अपार्टमेंट ब्लॉकों में आग लगने से 70 लोगों की जान गई थी।
यह भी पढ़े: इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से राजनीतिक पार्टियों को मिलने वाले चुनावी चंदे पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












