जम्मू-कश्मीर में डोडा, किश्तवाड़ और कटरा में बादल फटने व भूस्खलन से कई मौतें, सड़कें और रेलमार्ग बंद, जनजीवन अस्त-व्यस्त।
Cloudburst and Landslides in Jammu-Kashmir: Life in Chaos
जम्मू-कश्मीर में बादल फटने से एक बार फिर तबाही मच गई है। डोडा और किश्तवाड़ में बादल फटने के कारण 4 लोगों की मौत हो गई है। साथ ही 10 से अधिक घर तबाह हो गए हैं। कटरा के अर्धकुमारी में लैंडस्लाइड से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। बोर्ड ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में 14 लोग घायल भी हुए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बता दें कि खराब मौसम की मार की वजह से माता वैष्णो देवी की यात्रा को स्थगित किया जा चुका है। बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से बिन वजह घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के चलते 18 ट्रेन कैंसिल कर दी गई हैं। वहीं, 4 ट्रेनों की यात्रा जम्मू पहुंचने से पहले ही खत्म कर दी गई। जम्मू-कश्मीर में लगातार तीन दिन से रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है। दो दिनों के लिए स्कूल बंद कर दिए हैं। जम्मू-श्रीनगर और बटोटे-किश्तवाड़ सहित कई नेशनल हाईवे समेत कई सड़कें बंद हैं। कई जगह नेटवर्क न होने की वजह से लोग इंटरनेट और कॉल कॉलिंग सर्विस का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे। भारी बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। सभी नदियां और बरसाती नाले खतरे के निशान से ऊपर या उसके करीब बह रहे हैं, जिससे शहर और अन्य स्थानों के कई निचले इलाकों और सड़कों पर जलभराव हो गया है।
भारी बारिश के कारण चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ गया है। तवी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है और निक्की तवी क्षेत्र के पास तटबंधों का कटाव हो रहा है, जिससे आस-पास के घरों को खतरा पैदा हो गया है। सांबा में बसंतर नदी खतरे के निशान 4.5 फुट को पार कर गई। भारी बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने पर रावी नदी पर बने रंजीत सागर बांध के सभी गेट खोल दिए गए हैं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, जम्मू के कई हिस्सों में स्थिति काफी गंभीर है, मैं व्यक्तिगत रूप से हालात की निगरानी करने के लिए श्रीनगर से जम्मू जाने वाली अगली फ्लाइट से जाऊंगा। इस बीच आपातकालीन बहाली कार्य और अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए उपायुक्तों को अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।वहीं, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और उधमपुर से बीजेपी के सांसद जितेंद्र सिंह ने कहा कि अभी-अभी डोडा के डीसी हरविंदर सिंह से बात की। उनके अनुसार, भलेसा के चरवा इलाके में अचानक बाढ़ आने की सूचना मिली है। अभी तक इस अचानक आई बाढ़ से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और मेरे कार्यालय को नियमित रूप से अपडेट दिए जा रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर बादल फटना
वैष्णो देवी यात्रा
लैंडस्लाइड जम्मू
जनजीवन अस्त-व्यस्त
जम्मू-कश्मीर बारिश
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












