
BJP Sidelines Senior Leaders in Delhi, Trusts Rekha Gupta; Oath Ceremony Shortly, Six Ministers to Take Charge
19 फरवरी बुधवार शाम राजधानी दिल्ली का भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय सस्पेंस से भरा रहा। नए मुख्यमंत्री के नाम के एलान को लेकर सैकड़ों मीडियाकर्मी भाजपा मुख्यालय पर तैनात थे। पार्टी मुख्यालय पर भाजपा नेता दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम का एलान करने जा रहे थे। नए मुख्यमंत्री को लेकर भारतीय जनता पार्टी के साथ तमाम दावेदारों की भी निगाहें लगी हुई थी। दिल्ली के नए सीएम पद की रेस में कई अनुभवी नेता भी शामिल थे। सबसे पहला नाम था नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा का। इसके अलावा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी रेस में थे। इनके अलावा लक्ष्मी नगर से विधायक अभय वर्मा, जनकपुरी से विधायक आशीष सूद, बवाना से विधायक रविंद्र राज और उत्तम नगर से विधायक पवन शर्मा भी इस दौड़ में शामिल थे। हर किसी का अपना प्लस फैक्टर था, लेकिन अंत में रेखा गुप्ता को सीएम की कुर्सी मिल गई। रेखा गुप्ता इस बार शालीमार विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनीं हैं। एक बार फिर भाजपा हाईकमान ने राजस्थान, मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड की तर्ज पर ही दिल्ली में भी सीनियर नेताओं को दरकिनार कर कम अनुभवी नेता को मुख्यमंत्री पद की कमान सौंप दी । रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। विधायक दल की बैठक में इसका एलान हुआ। आरएसएस ने रेखा गुप्ता के नाम का सुझाया था, जिसे भाजपा ने मान लिया। रेखा ने उपराज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा राज्य की चौथी महिला सीएम होंगी।
रेखा गुप्ता दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री के तौर पर आज लेंगी शपथ
रेखा गुप्ता दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री के तौर पर आज शपथ लेंगी। वह दिल्ली की चौथी महिला सीएम होंगी। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12 बजे रामलीला मैदान पर होगा। उनके साथ 6 मंत्री भी शपथ लेंगे। इसमें प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह का नाम शामिल है। शपथ लेने से पहले रेखा गुप्ता ने गुरुवार सुबह कहा, ‘यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं पीएम मोदी और बीजेपी हाईकमान का शुक्रिया अदा करती हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की सीएम बनूंगी। ये चमत्कार जैसा है। विधायक बनने से पहले रेखा गुप्ता बीजेपी में संगठन के स्तर पर भी अहम जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। वह बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं और दिल्ली बीजेपी में महासचिव का पद संभाल रही हैं। शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम केंद्रीय मंत्री, भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम शामिल होंगे। इसके अलावा उद्योगपति, फिल्म स्टार, क्रिकेट खिलाड़ी, साधु-संत और राजनयिक भी आएंगे। दिल्ली के 12 से 16 हजार लोगों को भी बुलाया गया है।
हरियाणा की रहने वाली रेखा गुप्ता ने दिल्ली से शुरू किया राजनीति का सफर
मूल रूप से हरियाणा के जींद से आने वाली रेखा गुप्ता का जन्म साल 1974 में जुलाना में हुआ था। एसबीआई बैंक में पिता की नौकरी लगने के बाद उनका परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया था। हालांकि अब भी उनका परिवार जुलाना में कारोबार करता है। दिल्ली से सटे हरियाणा से ताल्लुक रखने की वजह से रेखा गुप्ता का अपने गृह राज्य में आना-जाना होता रहता है। आरएसएस से 32 साल तक जुड़ी रहीं गुप्ता ने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। 1995-96 में वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की सचिव और 1996-97 में इसकी अध्यक्ष रहीं। 2002 में वह भाजपा में शामिल हुईं और पार्टी की युवा शाखा की राष्ट्रीय सचिव रहीं। रेखा गुप्ता ने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भाजपा की महिला शाखा की प्रभारी के तौर पर भी काम किया है। वह भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। 2007 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुने जाने के बाद गुप्ता ने महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए काम किया। उन्होंने सुमेधा योजना जैसी पहल शुरू की, जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को उच्च शिक्षा हासिल करने में मदद मिली। वह तीन बार पार्षद चुनी गईं – 2007-2012, 2012-17 और 2022-25 तक शालीमार बाग से। नगर निकाय की महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की प्रमुख के रूप में उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण अभियान का नेतृत्व किया।
यह भी पढ़े: TRAI ने जारी किए नए सिम कार्ड Rule, अब नहीं करवाना पड़ेगा महंगा रिचार्ज, यहां देखें पूरी डिटेल्स
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !



















