
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
घाटी में छिपे आतंकियों के सफाए के लिए जम्मू कश्मीर पुलिस और सेना ने सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है। उत्तरी कश्मीर के इलाकों में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। बारामूला शनिवार की सुबह जिले सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया है। मारे गए आतंकी की पहचान कुलगाम के रहने वाले आबिद वानी के तौर पर हुई है। वह लश्करे-तैयबा से जुड़ा था। उसके पास से एके-47 राइफल बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि बारामूला के करहामा कुंजर इलाके में मुठभेड़ शुरू हो गई है । बताया जा रहा है कि एक गुफा में करीब सात से 9 आतंकी छिपे हुए हैं। शुक्रवार को आतंकी हमले में सेना के पांच जवान शहीद हुए थे जिसमें से कुछ कमांडो थे। शक की सुई पाक अधिकृत कश्मीर के कोटली स्थित लश्करे-तैयबा पर जा रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे के साथ जम्मू सेक्टर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए जम्मू का दौरा कर रहे हैं। बता दें कि शुक्रवार को राजौरी में आतंकियों के किए गए विस्फोट में 5 जवान शहीद हो गए थे । उसके बाद शुक्रवार रात भर सेना ने एनकाउंटर जारी रखा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को 11 बजे जम्मू कश्मीर के राजौरी पहुंचेंगे। रक्षा मंत्री वरिष्ठ सेना कमांडरों और रक्षा अधिकारियों से राजौरी इलाके में आतंकियों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन की पूरी जानकारी लेंगे। साथ ही वह शहीद जवानों को श्रद्धांजलि भी देंगे। सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ग्राउंड जीरो पर मौजूद हैं। ग्राउंड कमांडरों ने उन्हें ऑपरेशन की जानकारी दी है। पुंछ में सेना के ट्रक पर हमले में के जिम्मेदार आतंकियों को बाहर निकालने के लिए सेना ने अभियान शुरू किया था। पुंछ में आतंकी हमले में भी 5 जवान शहीद हुए थे। सेना को इनपुट मिला था कि पुंछ हमले के जिम्मेदार आतंकी कंडी के जंगलों में छिपे हुए हैं। इसके बाद सेना ने सुबह विशेष अभियान शुरू किया था। सुरक्षाबलों को एक गुफा में आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली। इलाके की घेराबंदी करने के लिए सीआरपीएफ और सेना के अतिरिक्त जवानों को बुलाया गया ताकि आतंकी मौके से भाग न सकें।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












