
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
रविवार को राजधानी दिल्ली में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने हल्ला बोला। इस रैली में राहुल गांधी ने कहा- मौजूदा सरकार लोगों को डरा रही है। कई तरह के डर पाले गए हैं। महंगाई का डर। बेरोजगारी का डर। और इन डर के कारण नफरत फैल रही है। दिल्ली के रामलीला मैदान में महंगाई के खिलाफ हल्ला बोल रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी मां और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी ने पूछताछ की है। उन्होंने मेरे खिलाफ 55 घंटे पूछताछ की, लेकिन 55 घंटे तो क्या 5 साल तक भी पूछताछ करेंगे तो भी मैं नहीं डरूंगा। राहुल गांधी के साथ राज्यसभा में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी महंगाई पर केंद्र को जमकर घेरा। वहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि कांग्रेस में आना और जाना मुश्किल है, लेकिन यहां टिक पाना बहुत कठिन है। इस रैली को सचिन पायलट, अशोक गहलोत, कमलनाथ, आराधना मिश्रा, कुमारी शैलजा जैसे बड़े नेताओं ने भी संबोधित किया। कांग्रेस के इस हल्ला बोल में पूरे देश भर के नेता जुटे। वहीं दिल्ली में कांग्रेस की हल्ला बोल रैली में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए महंगाई और बेरोजगारी को लेकर जमकर नारेबाजी की। इसमें महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। तरह-तरह के पोस्टर तैयार किए गए, जिसमें महंगाई और बेरोजगारी के स्लोगन लिखे थे।



















