
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
रामपुर से समाजवादी पार्टी के विधायक आजम खान आज सुबह सीतापुर जेल से करीब 2 साल बाद रिहा हो गए हैं। स्थानीय अदालत ने उनकी रिहाई को लेकर सीतापुर कारागार प्रशासन को रिलीज ऑर्डर जारी किया था। जिसके बाद उनकी रिहाई हुई। उन्हें रिसीव करने के लिए कई सपा नेता और उनके दोनों बेटे जेल के बाहर पहुंचे थे। सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई के आदेश का इंतजार किया जा रहा था। जो देर रात तक जेल प्रशासन को भेज दिया गया।
आजम को गुरुवार 19 मई को जमानत मिली थी। उनके वकील जुबैर अहमद खान ने बताया कि एमपी-एमएलए अदालत ने एक-एक लाख रुपये के दो मुचलके जमा करने को कहा था, जिन्हें गुरुवार को दाखिल कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद अदालत ने आजम खान की रिहाई का रिलीज ऑर्डर जारी कर दिया। जेल से रिहाई के बाद सपा नेता आजम खां सबसे पहले पूर्व सपा विधायक अनूप गुप्ता के घर पहुंचे। समर्थकों का बड़ा हुजूम आजम के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद था। इस बीच मीडिया ने फिर से उनसे बात करने की कोशिश की लेकिन वह कुछ नहीं बोले। आजम की रिहाई पर अखिलेश ने किया ट्वीट आजम की रिहाई पर अखिलेश यादव की तरफ से कोई प्रतिक्रिया न आने पर कई कयास लगाए जा रहे थे, हालांकि उन सभी पर विराम लगाते हुए सपा मुखिया ने ट्वीट कर आजम का स्वागत किया है।
अखिलेश ने लिखा, सपा के वरिष्ठ नेता व विधायक आजम खान जी के जमानत पर रिहा होने पर उनका हार्दिक स्वागत है। जमानत के इस फैसले से सर्वोच्च न्यायालय ने न्याय को नए मानक दिए हैं। पूरा ऐतबार है कि वो अन्य सभी झूठे मामलों-मुकदमों में बाइज्जत बरी होंगे। झूठ के लम्हे होते हैं, सदियां नहीं! आजम खान के जेल से रिहाई पर शिवपाल यादव ने ट्वीट कर कहा है कि सूबे की अवाम के लिए यह सुखद है कि आजम खान आज अपने चाहने वालों के बीच होंगे। उन्होंने सीतापुर जेल के लिए निकल जाने की भी जानकारी दी है और कहा है कि यूपी के क्षितिज पर नया सूरज निकल रहा है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












