DW Samachar – Header
BREAKING

Jehanabad News: राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारिता की जिम्मेदारी और निष्पक्षता पर हुई परिचर्चा, डीएम ने कहा- लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है मीडिया

Jehanabad News: राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारिता की जिम्मेदारी और निष्पक्षता पर हुई परिचर्चा, डीएम ने कहा- लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है मीडिया
InShot_20261116_180128961

सोशल मीडिया और एआई के दौर में तथ्यपरक एवं विश्वसनीय खबरों की अहमियत पर हुई चर्चा, प्रेस-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर दिया गया जोर

जहानाबाद। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष परिचर्चा का विषय ‘जर्नलिज्म : पॉपुलिस्ट ऑर रिस्पॉन्सिबल?’ (पत्रकारिता : लोकप्रियतावादी या जिम्मेदार?) रखा गया था। कार्यक्रम में जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान वर्तमान दौर में पत्रकारिता की भूमिका, उसकी जिम्मेदारियों और निष्पक्षता को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

Digital Women Trust

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी सहित उपस्थित अधिकारियों एवं पत्रकारों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद राष्ट्रीय प्रेस दिवस के इतिहास और महत्व पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1966 में भारतीय प्रेस परिषद ने अपना कार्य प्रारंभ किया था। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों को मजबूत करना है।

परिचर्चा के दौरान पत्रकारों ने कहा कि डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण आज खबरों को सबसे पहले प्रसारित करने की होड़ बढ़ी है। ऐसे में पत्रकारिता की असली जिम्मेदारी तथ्यों की पुष्टि कर सही और विश्वसनीय जानकारी जनता तक पहुंचाना है। केवल लोकप्रियता और अधिक दर्शक जुटाने के उद्देश्य से खबरों का प्रसारण करना पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों के अनुकूल नहीं है। समाचारों में जनहित, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

चर्चा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते उपयोग, भ्रामक खबरों और गलत सूचनाओं के प्रसार जैसे मुद्दे भी उठाए गए। पत्रकारों ने कहा कि तकनीक ने समाचार संकलन और प्रसारण को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ ही खबरों की विश्वसनीयता बनाए रखने की चुनौती भी बढ़ी है। किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले तथ्यों की जांच करना आवश्यक है।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने सभी पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। मीडिया प्रशासन और आम जनता के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में काम करता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में लोकप्रियता से अधिक सत्य, निष्पक्षता और तथ्यपरकता को महत्व दिया जाना चाहिए। किसी भी समाचार के प्रकाशन से पहले तथ्यों का सत्यापन बेहद जरूरी है।

डीएम ने कहा कि प्रेस और प्रशासन के बीच सकारात्मक समन्वय रहने से सुशासन और पारदर्शिता को मजबूती मिलती है। मीडिया जनसमस्याओं और प्रशासनिक कमियों को सामने लाकर उनके समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि जिले में होने वाले अच्छे कार्यों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ कमियों को भी रचनात्मक तरीके से उजागर किया जाना चाहिए, ताकि उनमें सुधार हो सके। जिले के विकास में मीडिया की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम का संचालन जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी निपुण कुमारी ने किया। मौके पर अपर समाहर्ता विभागीय जांच विनय कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कुमार मिश्र सहित अन्य पदाधिकारी एवं जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Jehanabad News: A discussion on the responsibility and impartiality of journalism was held on National Press Day; the DM stated that the media is a strong pillar of democracy.

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News

Advertisement

Rudra enterprises - Devanshu Deepak Jehanabad
⚡ लाइव अपडेट
खबरें लोड हो रही हैं…

लेटेस्ट न्यूज़