स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई पूजा, प्रशासनिक व्यवस्था की श्रद्धालुओं ने की सराहना.
जहानाबाद लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही श्रद्धा और उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। सुबह होते ही जिले के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। पूरे जिले में छठ महापर्व धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया।
शहर के ठाकुरबाड़ी स्थित संगम घाट पर भी छठ पूजा का विशेष नजारा देखने को मिला। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। घाट पर सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा। छठ गीतों और भगवान भास्कर के जयकारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था की गई थी। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी विभिन्न घाटों का निरीक्षण करते रहे और शांतिपूर्ण तरीके से पूजा संपन्न कराने को लेकर लगातार निगरानी करते रहे।इस बार संगम घाट की साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों एवं छठ व्रतियों ने संतोष जाहिर किया। श्रद्धालुओं का कहना था कि पहले की अपेक्षा इस बार घाट की स्थिति काफी बेहतर रही। घाटों की सफाई के साथ रंग-रोगन और अन्य सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया था। इससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा करने में काफी सहूलियत हुई। लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की।
वहीं, छठ पूजा के अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों की ओर से सेवा शिविर भी लगाए गए थे। इन शिविरों के माध्यम से श्रद्धालुओं के बीच चाय, दूध, गन्ने का शरबत और प्रसाद का वितरण किया गया। समाजसेवियों ने बताया कि छठ जैसे लोक आस्था के महापर्व में श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य और खुशी की बात है। कुल मिलाकर बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था, सामाजिक सहयोग और श्रद्धालुओं की आस्था के बीच जहानाबाद में छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया।
Jehanabad News: The grand festival of Chhath concluded with the offering of ‘arghya’ to the rising sun; a massive crowd of devotees gathered at the Sangam Ghat.

















