जहानाबाद के 10 कैडेटों ने राज्य स्तरीय परीक्षण शिविर में हासिल की सफलता, राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए तैयारी करने का मिला प्रोत्साहन.
जहानाबाद। बिहार राज्य भारत स्काउट और गाइड, जिला जहानाबाद के राज्य पुरस्कार के लिए चयनित 10 कैडेटों ने मंगलवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया, पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार और एसडीपीओ-2 कृति कमल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान कैडेटों ने अधिकारियों से आशीर्वाद प्राप्त किया। अधिकारियों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे भी इसी तरह मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया।
दरअसल, बिहार राज्य भारत स्काउट और गाइड के राज्य मुख्यालय, बुद्ध मार्ग पटना में 3 से 7 नवंबर 2026 तक राज्य पुरस्कार परीक्षण शिविर आयोजित किया गया था। इसमें जहानाबाद जिले के स्काउट विंग से ऋतुराज, शिवम कुमार, चैतन्य कुमार, हर्ष भार्गव, आलोक कुमार, समर कुमार और अल्फाज कुरैशी तथा गाइड विंग से कशिश रानी, काजल कुमारी और सलोनी कुमारी ने भाग लिया था। सभी कैडेटों ने विभिन्न निर्धारित गतिविधियों और परीक्षणों में सफलता हासिल की। इसके बाद राज्य पुरस्कार के लिए उनका चयन किया गया।जिला संगठन आयुक्त हरिशंकर कुमार ने बताया कि स्काउट-गाइड कैडेटों को शिक्षा के साथ अनुशासन, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रशिक्षण दिया जाता है। राज्य पुरस्कार परीक्षण के दौरान नियम, प्रतिज्ञा, प्रार्थना, झंडा गीत, कंपास, प्राथमिक उपचार, खोज के चिह्न, सीटी संकेत, मैप रीडिंग और अनुमान लगाने जैसी गतिविधियों के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यों की जांच की गई। इसमें सभी चयनित कैडेटों ने बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इन कैडेटों से आगे भी शैक्षणिक, प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की उम्मीद है, ताकि भविष्य में इन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए भी तैयार किया जा सके। इस अवसर पर कंपनी कमांडर खुशी कुमारी, सहायक कंपनी कमांडर सुषमा कुमारी, दलनायक अंकित कुमार, सहायक दलनायक गौतम कुमार, उपाध्यक्ष शकील अहमद काकवी और मुख्य जिला आयुक्त कुमार त्रिपुरारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Jehanabad News: Scout-Guide cadets selected for the state award met with the DM and SP.



















