जहानाबाद। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में ‘स्वास्थ्य आपके द्वार’, एनीमिया मुक्त बिहार और टीबी मुक्त अभियान की प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान स्वास्थ्य योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
‘स्वास्थ्य आपके द्वार’ कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को अभियान में तेजी लाते हुए जहानाबाद को राज्य के टॉप-3 जिलों में शामिल कराने के लक्ष्य के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। जिन प्रखंडों में लक्ष्य के मुकाबले उपलब्धि कम है, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर जल्द लक्ष्य पूरा करने को कहा गया।
एनीमिया मुक्त बिहार अभियान की समीक्षा में जिले की प्रगति संतोषजनक पाई गई। जिला पदाधिकारी ने इस प्रदर्शन को बनाए रखने के लिए नियमित स्क्रीनिंग, दवा वितरण और मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
टीबी मुक्त अभियान की समीक्षा के दौरान लंबित कार्यों को लेकर सख्ती दिखाई गई। सभी प्रखंडों को लंबित बैकलॉग रविवार तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सोमवार से प्रत्येक प्रखंड में प्रतिदिन 1,500 टीबी स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया। जिले में लंबित करीब 75 हजार मामलों की एंट्री मंगलवार तक पूरा करने का भी निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए। सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और संबंधित कर्मी मिशन मोड में कार्य करते हुए दैनिक स्तर पर लक्ष्य की समीक्षा और रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें।
Jehanabad News: Health Department review; directive issued to accelerate TB screening.



















