जहानाबाद। अखिल विश्व गायत्री परिवार की युवा इकाई प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, जहानाबाद की ओर से पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से चलाए जा रहे रविवासरीय साप्ताहिक पौधरोपण अभियान के तहत रविवार, 23 अगस्त 2026 को लगातार 273वें सप्ताह पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ग्राम गोनवां निवासी नन्द शर्मा की निजी भूमि पर उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं एवं पर्यावरण प्रेमियों ने पौधरोपण कर लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि पौधे धरती का श्रृंगार होने के साथ-साथ स्वच्छ वायु, संतुलित पर्यावरण और स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखना और वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से संस्था द्वारा प्रत्येक रविवार लगातार पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

लगातार 273 सप्ताह से जारी यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयास का उदाहरण है। अभियान के माध्यम से युवाओं एवं आम लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने, हरियाली बढ़ाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और समाज के अन्य लोगों को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। साथ ही जल, वायु एवं मिट्टी को प्रदूषण से बचाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर गायत्री परिवार के रंगेश कुमार, कौशल कुमार, धनंजय कुमार, शिशुपाल सिंह, नागेंद्र कुमार एवं धर्मेन्द्र कुमार उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को निरंतर जारी रखने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।
Jehanabad News: Tree plantation drive continues into the 273rd week; pledge taken for environmental conservation.



















