जहानाबाद। बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति के तत्वावधान में 23 अगस्त को पटना के कृष्ण मेमोरियल हॉल में सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को जहानाबाद में पूर्व विधायक प्रत्याशी चंचल प्रजापति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने कुम्हार-प्रजापति समाज के लोगों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। चंचल प्रजापति ने बताया कि सम्मान समारोह का आयोजन 23 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे कृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में किया जाएगा।
इस दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के लोगों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ आपसी समन्वय और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चंचल प्रजापति ने कहा कि किसी भी समाज की मजबूती के लिए एकजुटता और आपसी सहयोग जरूरी है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रतिभावान और बेहतर कार्य करने वाले लोगों को सम्मान और पहचान मिलती है। साथ ही, युवा पीढ़ी को सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने और समाज के विकास में योगदान देने का अवसर मिलता है।
उन्होंने जहानाबाद सहित आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले कुम्हार-प्रजापति समाज के लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में पटना पहुंचकर सम्मान समारोह में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समाज की अधिक से अधिक भागीदारी से ही कार्यक्रम को सफल बनाया जा सकेगा। कई प्रमुख लोगों के शामिल होने की संभावना.आयोजकों के अनुसार समारोह में बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति से जुड़े पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और समाज के प्रमुख लोग शामिल होंगे।
पोस्टर के अनुसार जदयू की विधान पार्षद शिवरानी प्रजापति और भाजपा की विधान पार्षद शीला पंडित समेत अन्य प्रमुख लोगों की मौजूदगी प्रस्तावित है। समारोह का आयोजन रविवार, 23 अगस्त को सुबह 11 बजे कृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में किया जाएगा।
Jehanabad News: Members of the Kumhar-Prajapati community to gather for a felicitation ceremony; Chanchal Prajapati appeals for maximum participation.



















