जहानाबाद। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जहानाबाद में बुधवार को “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार (Kota Kiran Kumar) ने किया, जिसमें खोए एवं गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों द्वारा लगातार अभियान चलाकर कुल 88 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिन्हें उनके असली स्वामियों को वापस किया गया। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख 12 हजार रुपये बताई जा रही है। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आधुनिक तकनीक और इलेक्ट्रॉनिक ट्रैकिंग व्यवस्था की मदद से गुम हुए मोबाइल फोन को आसानी से खोजा जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी का मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान गुम हो जाए तो वे बिना देर किए अपने नजदीकी थाना में इसकी सूचना दें, ताकि पुलिस तकनीकी जांच के माध्यम से उसे शीघ्र बरामद कर सके।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान का उद्देश्य लोगों को उनके खोए हुए सामान वापस दिलाकर उनके चेहरों पर मुस्कान लाना है। इसी सोच के साथ इस अभियान को नियमित रूप से चलाया जा रहा है और आगे भी प्रत्येक माह इस प्रकार का विशेष अभियान संचालित किया जाएगा, ताकि गुम हुए मोबाइलों की बरामदगी तेजी से हो सके और लोगों को जल्द से जल्द उनका सामान वापस मिल सके। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार पांडेय भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी कई लोगों के बीच मोबाइल फोन वितरित किए और कहा कि यह पहल पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने वाली है। उन्होंने कहा कि जब लोगों को उनका खोया हुआ सामान वापस मिलता है, तो उनके चेहरे पर जो मुस्कान दिखाई देती है, वही पुलिस के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। इस अवसर पर पुलिस पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में मोबाइल प्राप्त करने वाले नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने जहानाबाद पुलिस के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
Jehanabad News: Lost mobile phones returned to 88 people under ‘Operation Muskan’; smiles return to their faces.



















