जहानाबाद। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर मंगलवार को जहानाबाद सदर अस्पताल में एक भावनात्मक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बचपन प्ले स्कूल, जहानाबाद के बच्चों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों को सम्मानित किया तथा उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सदर अस्पताल के चिकित्सकों से मुलाकात की, उन्हें गुलदस्ता भेंट किया तथा उपहार देकर सम्मानित किया। बच्चों ने डॉक्टरों की आरती उतारी और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस अनोखी पहल ने अस्पताल परिसर का माहौल खुशनुमा और भावुक बना दिया। चिकित्सकों ने भी बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत की, उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा स्वास्थ्य से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। डॉक्टरों ने बच्चों को चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया, जिससे बच्चों की खुशी दोगुनी हो गई। इस अवसर पर बच्चों को बताया गया कि डॉक्टर समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे दिन-रात मरीजों की सेवा कर उन्हें स्वस्थ जीवन प्रदान करते हैं, इसलिए डॉक्टरों को भगवान का दूसरा रूप माना जाता है।

बच्चों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम जानी। कार्यक्रम का आयोजन बचपन प्ले स्कूल के संचालक अरुण कुमार पवार के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने बताया कि विद्यालय समय-समय पर इस प्रकार की रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करता है, ताकि बच्चों को समाज के विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी मिल सके और वे वास्तविक जीवन के अनुभवों से सीख प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा, “हम बच्चों को हर पर्व, विशेष दिवस और सामाजिक अवसरों से जोड़ने का प्रयास करते हैं, ताकि वे अपने आसपास के वातावरण को समझ सकें, समाज के प्रति संवेदनशील बनें और भविष्य में अपने लक्ष्य एवं करियर को लेकर स्पष्ट सोच विकसित कर सकें।” राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल डॉक्टरों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत किया, बल्कि बच्चों को सेवा, समर्पण और मानवता के महत्व से भी परिचित कराया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
Jehanabad News: Children honored doctors at Sadar Hospital on National Doctors’ Day, expressing their gratitude by presenting bouquets and gifts.



















