छोटे-मोटे मामलों का एक दिन में होगा निपटारा, लोगों को मिलेगा त्वरित न्याय
जहानाबाद में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार और बृजेश कुमार ने संयुक्त रूप से की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व और इससे आम जनता को मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से छोटे-छोटे मामलों का एक ही दिन में, एक ही छत के नीचे आपसी सहमति से निपटारा किया जाता है,

जिससे लोगों को त्वरित और सुलभ न्याय मिलता है। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में दोनों पक्ष आपसी सहमति से समाधान चाहते हैं, वे अदालत में आवेदन देकर अपने केस का शीघ्र निपटारा करा सकते हैं। लोक अदालत में समझौते के आधार पर मामलों को समाप्त कर दिया जाता है, जिससे वर्षों से लंबित मामलों का बोझ भी कम होता है। इस दौरान यह भी बताया गया कि बिजली बिल, ट्रैफिक चालान, बैंक ऋण, पारिवारिक विवाद तथा अन्य छोटे-छोटे मामलों का निपटारा लोक अदालत में किया जाता है। इससे आम लोगों का समय और पैसा दोनों की बचत होती है। जिला जज ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत का लाभ उठाएं और अपने लंबित मामलों को शीघ्र निपटाएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि थानों में भी कोई ऐसे मामले लंबित हैं, जिनका आपसी समझौते से समाधान संभव है, तो उन्हें भी लोक अदालत में प्रस्तुत कर निपटाया जा सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए गांव-गांव में पोस्टर, बैनर और मीडिया के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पहल का लाभ उठा सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ी संख्या में मामलों का निपटारा किया जाएगा और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
Jehanabad News: Press conference regarding National Lok Adalat, appeal to the general public for maximum participation.












