DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Jehanabad News: ‘गो-सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत पदयात्रा, गौ सेवकों ने केंद्र सरकार से की बड़ी मांग।

गोवंश को राष्ट्रीय सम्मान और केंद्रीय कानून बनाने की उठी मांग, एसडीओ को सौंपा ज्ञापन।

जहानाबाद में ‘गो-सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत 27 अप्रैल को गौशाला दिवस के अवसर पर गौ सेवकों द्वारा एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम और पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह अभियान वेदलक्षणा गोमाता एवं नंदी बाबा की प्रेरणा से संचालित बताया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गोभक्त, संत समाज के लोग और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी मैदान, अंबेडकर चौक के रास्ते अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कार्यालय पहुंची। यहां गौ सेवकों के प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल अधिकारी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा, जिसे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित किया गया है।


ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई है कि पूरे देश में देशी गोवंश की विधिवत सेवा, पूर्ण सुरक्षा और उन्हें राष्ट्रीय सम्मान देने के लिए एक सख्त केंद्रीय कानून बनाया जाए। साथ ही “गो पालन मंत्रालय” के गठन की भी मांग उठाई गई है, ताकि गोवंश के संरक्षण और संवर्धन को व्यवस्थित रूप से बढ़ावा दिया जा सके। गौ सेवकों ने अपने ज्ञापन में कहा कि भारतीय संस्कृति में गोवंश का विशेष महत्व है और यह केवल आस्था का विषय ही नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ भी है। उन्होंने कहा कि गो आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर “आत्मनिर्भर भारत” के लक्ष्य को मजबूत किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने गोवंश की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि तस्करी, अवैध वध और सड़कों पर लावारिस स्थिति में घूम रही गायें एक गंभीर समस्या है। इसे रोकने के लिए सख्त कानून और प्रभावी व्यवस्था की आवश्यकता है।
इस अभियान में मंटू कुमार, पूनम देवी, राखी कुमारी, चंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में गौ सेवक उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि यह अभियान सिर्फ जहानाबाद ही नहीं, बल्कि गांव-गांव, तहसील और पूरे देश में चलाया जा रहा है। गौ सेवकों ने यह भी कहा कि ज्ञापन की प्रतिलिपि बिहार के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी जाएगी, ताकि इस मुद्दे पर व्यापक स्तर पर ध्यान दिया जा सके। कार्यक्रम के दौरान गौ सेवा के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि गाय हमें दूध, गोबर और अन्य संसाधनों के रूप में जीवनभर कुछ न कुछ देती है, इसलिए समाज के हर व्यक्ति को गौ सेवा से जुड़ना चाहिए।
अंत में गौ सेवकों ने लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए बताया कि इच्छुक लोग मिस्ड कॉल के माध्यम से भी इस मुहिम का हिस्सा बन सकते हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण माहौल रहा और लोगों में गो-संरक्षण को लेकर जागरूकता देखने को मिली।

Jehanabad News: Foot march under ‘Cow-Respect Aahwan Abhiyan’, cow protectors made a big demand from the Central Government.

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News