जहानाबाद जिले के काको थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। काको निवासी एक किशोर का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका हुआ बरामद किया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान काको निवासी शशिभूषण राम के पुत्र अंकुश कुमार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पास के एक हार्डवेयर दुकानदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के पिता शशिभूषण राम ने बताया कि उनका पुत्र कुछ दिन पहले एक हार्डवेयर दुकान से बिना पूछे लोहे का सामान ले आया था। इसके बाद से दुकानदार कथित तौर पर उसे लगातार प्रताड़ित और मारपीट करता था। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के कारण अंकुश की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है। सूचना मिलने पर काको थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। यह आत्महत्या है या हत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। वहीं, घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Jehanabad News: Teenager’s body found hanging from a tree in Kako, causing sensation in the area; family alleges murder
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












