शनि, अप्रैल 4, 2026

Jehanabad News: जीएनएम प्रशिक्षण संस्थान,  में IDSP के तहत प्रखंड स्वास्थ्य टीम का एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

जहानाबाद जीएनएम प्रशिक्षण संस्थान, जहानाबाद में एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) के अंतर्गत प्रखंड स्वास्थ्य टीम के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जिले में संचालित रोग नियंत्रण एवं निगरानी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाना रहा। प्रशिक्षण के दौरान क्षेत्र में फैलने वाली प्रमुख संक्रामक बीमारियों जैसे जापानी इंसेफेलाइटिस, टाइफाइड, डायरिया, खसरा (मीजल्स), चिकन पॉक्स आदि की पहचान, समय पर रिपोर्टिंग एवं नियंत्रण से संबंधित विस्तृत तकनीकी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि किसी भी संक्रामक रोग की त्वरित पहचान कर जिला स्तर तक सूचना देना अत्यंत आवश्यक है, ताकि समय रहते निरोधात्मक एवं उपचारात्मक कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में सभी प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, अस्पताल प्रबंधक, प्रखंड अनुश्रवण एवं मूल्यांकन सहायक तथा डाटा एंट्री ऑपरेटरों को अपने-अपने संस्थानों एवं क्षेत्रों से रोग निगरानी कार्यक्रम की ऑनलाइन, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रतिदिन रिपोर्टिंग हेतु पोर्टल आधारित प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही प्रत्येक प्रखंड स्तर पर एक-एक नामित रिपोर्टिंग नोडल को इस कार्य के लिए उन्मुख किया गया। प्रशिक्षण के दौरान राज्य, जिला एवं प्रखंड स्तर की रैंकिंग प्रणाली पर भी चर्चा की गई तथा ऑनलाइन रिपोर्टिंग में गुणवत्ता और समयबद्धता के महत्व को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन, जहानाबाद डॉ. हरीश चन्द्र चौधरी ने उपस्थित प्रतिभागियों को निर्देशित किया कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों के प्रभारी एवं प्रबंधक यह सुनिश्चित करें कि IDSP के अंतर्गत प्रतिदिन रोगों की ऑनलाइन प्रविष्टि नियमित, सटीक एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से की जाए, ताकि जिले की रोग निगरानी प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक मोहम्मद खालिद हुसैन की भी उपस्थिति रही। प्रशिक्षक के रूप में डॉ. प्रमोद कुमार (जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी), आलोक कुमार (जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट) तथा सहयोग के रूप में अजय कुमार सिन्हा (डाटा एंट्री ऑपरेटर) सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों से आए अस्पताल प्रबंधक, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड अनुश्रवण एवं मूल्यांकन सहायक, डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं नामित रिपोर्टिंग नोडल को सफलतापूर्वक प्रशिक्षित एवं उन्मुख किया गया।

Jehanabad News: One day training of Block Health Team concluded under IDSP at GNM Training Institute

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News