जहानाबाद सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक परिसर में रक्तदान अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम परिवहन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला पदाधिकारी, जहानाबाद के संयुक्त तत्वावधान में जिला परिवहन कार्यालय, जहानाबाद द्वारा आयोजित किया गया।
इस अभियान में जहानाबाद जिले की जागरूक जनता, विभिन्न एनजीओ के सदस्य, जिला परिवहन पदाधिकारी, अपर जिला परिवहन पदाधिकारी सहित परिवहन विभाग के सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (जनवरी) के तहत जिला परिवहन कार्यालय द्वारा लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में रक्तदान अभियान चलाया गया। इस दौरान आमजनों को सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों, मानकों एवं सुरक्षित यातायात के महत्व की विस्तृत जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के अवसर पर सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जागरूकता रथ को भी रवाना किया गया, जिसके माध्यम से प्रशासन द्वारा जारी सड़क सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को गोल्डन आवर के दौरान समय पर रक्त उपलब्ध न हो पाने से कई बार गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह में रक्तदान जैसे मानवीय कार्यक्रम को शामिल किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि रक्तदान से किसी प्रकार की शारीरिक हानि नहीं होती, क्योंकि शरीर स्वयं नया रक्त बना लेता है। एक स्वस्थ व्यक्ति चार माह के अंतराल पर सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकता है।
रक्तदान कार्यक्रम के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी अविनाश कुमार ने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। शपथ के तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाने, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने का संकल्प लिया गया। साथ ही लोगों ने अपने परिवार, समाज एवं संपर्क में आने वाले सभी व्यक्तियों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इसके अतिरिक्त सड़क संकेतकों (साइनेज) को देखकर सुरक्षित रूप से वाहन चलाने की जानकारी भी साझा की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि जन-जन तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से जागरूकता रथ का परिचालन 06 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक जिले के सभी पंचायतों एवं टोलों में किया जा रहा है। वहीं 03 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सड़क सुरक्षा से संबंधित अनेक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
Jehanabad News: Blood donation campaign organised jointly by Transport Department and NGO under Road Safety Month.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












