सोम, अप्रैल 6, 2026

Arwal News: शिक्षक समाज के भीष्म पितामह स्वर्गीय ब्रजनन्दन शर्मा को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

अरवल गांधी पुस्तकालय में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा

अरवल शिक्षक समाज के भीष्म पितामह कहे जाने वाले स्वर्गीय ब्रजनन्दन शर्मा की स्मृति में अरवल गांधी पुस्तकालय परिसर में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्राथमिक शिक्षक संघ, जिला माध्यमिक शिक्षक संघ एवं जिला पेंशनर समाज, अरवल के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष  जिम्मेदार सिंह ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय ब्रजनन्दन शर्मा के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात विभिन्न संगठनों से उपस्थित सैकड़ों सदस्यों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके कृतित्व और व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिम्मेदार सिंह ने कहा कि स्वर्गीय ब्रजनन्दन शर्मा ने युवावस्था से ही शिक्षा के विकास और शिक्षकों के मान-सम्मान की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने शिक्षकों के अधिकारों के लिए जो संघर्ष किया और जो उपलब्धियाँ हासिल कीं, वे आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी। इस अवसर पर जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रधान सचिव गिरजेश कुमार ने कहा कि स्वर्गीय शर्मा जी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था के प्रबल समर्थक थे और शिक्षकों के हक-अधिकार के लिए हमेशा संघर्षरत रहे। वहीं जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के सचिव अनय कुमार ने कहा कि शिक्षकों के हित में उनकी आजीवन प्रतिबद्धता अनुकरणीय है। जिला पेंशनर समाज, अरवल के अध्यक्ष  जयप्रकाश नारायण ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय ब्रजनन्दन शर्मा केवल शिक्षक आंदोलन के सशक्त स्तंभ ही नहीं थे, बल्कि वे सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्यों और अनुशासन के भी प्रतीक थे। कार्यक्रम में वरीय उपाध्यक्ष  अंजनी कुमार सिन्हा,संजय कुमार, मनीष कुमार निराला,  ब्रजेश कुमार,  यशवंत सिंह सहित अनेक शिक्षक नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त कर स्वर्गीय शर्मा जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा के अंत में बताया गया कि जिले के विभिन्न विद्यालयों में भी शिक्षकों एवं कर्मचारियों द्वारा अलग-अलग श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

Arwal News: Heartfelt tribute paid to late Brajnandan Sharma, the Bhishma Pitamah of the teacher community

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News