जहानाबाद जिले की दो बेटियों ने रग्बी फुटबॉल में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन कर दिया है। असम के गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता में दोनों बच्चियों ने गोल्ड मेडल जीतकर जहानाबाद को गर्व महसूस कराया है।
प्रतियोगिता में अंशु कुमारी ने सीनियर वर्ग में दमदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता, जबकि तमन्ना कुमारी ने अंडर–15 वर्ग में शानदार खेल दिखाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ी जहानाबाद के ग्रामीण क्षेत्रों से आती हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद अपने कठिन परिश्रम से यह उपलब्धि हासिल की है।
कोच विकास कुमार ने बताया कि दोनों बच्चियों ने मैदान पर जमकर पसीना बहाया और अपनी मेहनत से इस मुकाम को हासिल किया। उन्होंने कहा कि बच्चियों की लगन और उनके अभिभावकों का सहयोग इस सफलता की सबसे बड़ी ताकत रहा।
वहीं दूसरे कोच प्रकाश कुमार, जो खुद नेशनल खिलाड़ी रह चुके हैं, ने बिहार सरकार की ‘मेडल और नौकरी’ योजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस योजना से खिलाड़ियों में मनोबल बढ़ता है, आत्मविश्वास आता है और खेल के प्रति रुचि भी बढ़ती है।
उन्होंने कहा—
“काश यह योजना हमारे समय में भी होती, तो शायद आज हम भी किसी सरकारी नौकरी में होते। लेकिन खुशी इस बात की है कि बिहार सरकार ने खिलाड़ियों के भविष्य पर ध्यान दिया है और आने वाले खिलाड़ियों को एक मजबूत प्लेटफॉर्म मिल रहा है।”
दोनों बच्चियों की इस उपलब्धि से पूरे जहानाबाद जिले में खुशी का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है और यह आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनकर रहेगा।
Jehanabad News: Daughters of Jehanabad excel in rugby football, won gold medal from Assam Guwahati
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












