देशभर से जुटे फुटपाथ दुकानदारों ने स्वच्छ एवं सुंदर शहर निर्माण में निभाई अहम भूमिका पर रखी बात
जहानाबाद: दिल्ली स्थित कन्वेंशन क्लब ऑफ इंडिया में नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (NASVI) द्वारा इंडियन स्ट्रीट वेंडर फोरम 2025 का आयोजन भव्य रूप से किया गया। इस वर्ष फोरम का मुख्य विषय था “बदलते कल, बदलते हम”, जिसके तहत केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छ एवं सुंदर शहर अभियान में फुटपाथ दुकानदारों की भूमिका पर विशेष चर्चा हुई।
सेमिनार में केंद्र सरकार के सचिव समेत कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने देशभर से आए फुटपाथ दुकानदार प्रतिनिधियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में NASVI के संस्थापक अरविंद सिंह एवं अनीता सिंह ने सभी दुकानदारों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, दुकानों के पास डस्टबिन का प्रयोग अनिवार्य करें और ग्राहकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में केंद्र सरकार के प्रतिनिधि ने भी फुटपाथ दुकानदारों की अहमियत को रेखांकित करते हुए कहा कि सिर्फ नगर निगम या जिला प्रशासन ही नहीं, बल्कि हर दुकानदार की भी जिम्मेदारी है कि वे अपने इलाके को साफ-सुथरा रखें। उन्होंने कहा कि बड़े मॉल्स और दुकानों से अधिक भीड़ सड़क किनारे लगने वाले फास्ट फूड, चाय, नाश्ता, सब्जी आदि दुकानों पर होती है, इसलिए ऐसे स्थानों की स्वच्छता सबसे अहम है।
सेमिनार में बिहार से भी कई प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। गया जिला से गिरि बाबा, खगड़िया से बबलू साहू, और जहानाबाद से फुटपाथ दुकानदार संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा ने भी अपनी बातें रखीं। उन्होंने कहा कि हर दुकानदार की पहली जिम्मेदारी स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाए रखना है, ताकि ग्राहक स्वच्छ जगह पर आकर सुरक्षित खरीदारी कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में यह भी तय किया गया कि स्वच्छता को लेकर व्यापक अभियान चलाया जाएगा और प्रत्येक दुकानदार को जागरूक कर इसके प्रति जिम्मेदार बनाया जाएगा।
Jehanabad News: Indian Street Vendor Forum 2025 held in Delhi, pavement shopkeepers were taught cleanliness
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












