मुहर्रम की आठवीं को मातम और नौहे के बीच निकला हजरत अब्बास का अलम, बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
जहानाबाद जिले के अली नगर पाली गांव में मुहर्रम की आठवीं को हजरत अब्बास के अलम का जुलूस बड़े ही अकीदत और गमगीन माहौल में निकाला गया। इस दौरान ‘या हुसैन-या हुसैन’ की सदाओं से पूरा गांव गूंज उठा।
सुबह इमामबाड़ा अली नगर पाली में मजलिस का आयोजन हुआ, जिसमें सैयद सलमान हुसैन ने मार्मिक मर्सिया पढ़कर कर्बला की शहादत को याद किया। इसके बाद अकीदतमंदों ने मातम करते हुए ज़नानी इमामबाड़ा पहुंचकर हजरत अब्बास का अलम निकाला।
जुलूस ज़नानी इमामबाड़ा से शुरू होकर पूरे गांव का गश्त करते हुए वापस इमामबाड़ा पहुंचा। इस दौरान अकीदतमंदों ने सीना जनी (मातम) और नौहा पढ़ते हुए कर्बला की याद को ताजा किया। अलम जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।
जानकारों के अनुसार, मुहर्रम की आठवीं तारीख हजरत अब्बास से मंसूब मानी जाती है। कर्बला की जंग में हजरत अब्बास, जो इमाम हुसैन के छोटे भाई और काफिले के सबसे ताकतवर व जंग में माहिर योद्धा माने जाते थे, शहादत को प्राप्त हुए थे। कहा जाता है कि यजीदी फौज ने पहले उनके दोनों हाथ कलम कर दिए और फिर तीरों से जख्मी कर उन्हें शहीद कर दिया था। हजरत अब्बास को ‘अलमदार’ भी कहा जाता है और उनकी याद में आठ मोहर्रम को अलम का जुलूस निकाला जाता है।
अली नगर पाली में भी यह जुलूस पूरे अनुशासन, आस्था और गमगीन माहौल में निकाला गया, जिसमें हर उम्र के लोग शामिल हुए और कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
Jehanabad News: Alam procession took place in Ali Nagar Pali, the whole area echoed with the chants of ‘Ya Hussain-Ya Hussain’
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












