जहानाबाद टेहटा निवासी एवं अखिल भारतीय नाई संघ (ट्रेड यूनियन), जहानाबाद के पूर्व जिला अध्यक्ष दुलारचंद ठाकुर जी का बुधवार रात्रि लगभग 8 बजे निधन हो गया। उनके निधन से नाई समाज सहित पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।
दुलारचंद ठाकुर ने लगातार 15 वर्षों तक नाई संघ के जिला अध्यक्ष तथा 10 वर्षों तक जिला अंकेक्षक के रूप में उल्लेखनीय सेवाएं दीं। इसके अतिरिक्त वे राष्ट्रीय जनता दल, जहानाबाद के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष भी रहे। समाज में उनके योगदान और कर्मठ नेतृत्व के कारण उन्हें लोग ‘भीष्म पितामह’ के नाम से भी संबोधित करते थे।
दुलारचंद ठाकुर अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं—चार भाई, तीन बहनें, दो पुत्र, एक पुत्री, दो पोते, चार पोतियाँ और सात भतीजे-भतीजियाँ। उनके निधन से न केवल परिवार, बल्कि पूरे समाज को अपूरणीय क्षति पहुँची है।
दुखद खबर मिलते ही राजद जिला अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय नाई संघ के वर्तमान जिला अध्यक्ष महेश ठाकुर, राजद उपाध्यक्ष सह सचिव दिनेश ठाकुर, समाजसेवी कौशल ठाकुर, समीर ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शोक-संतप्त परिवार से मिलकर सांत्वना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि,
“इस घटना ने समाज के सभी कार्यकर्ताओं को गहरे शोक में डुबो दिया है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को शांति और उनके परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करें।”
श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
स्वर्गीय दुलारचंद ठाकुर जी की स्मृति में आगामी 28 जून 2025 को पूर्वाह्न 11:00 बजे, दरधा-जमुना संगम स्थित कर्पूरी आश्रम, जहानाबाद में बृहत स्तर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों ने जिले एवं अन्य जिलों के समाजसेवियों, संगठन से जुड़े साथियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करें एवं श्रद्धासुमन अर्पित करें।
दुलारचंद ठाकुर जी की सेवा, संघर्ष और सामाजिक योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
Jehanabad News: Former District President of All India Barber Association Dularchand Thakur passed away, tribute meeting will be organized at Karpoori Ashram on June 28
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












