देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज शुक्रवार को गुजरात के भुज वायु सेना स्टेशन का दौरा किया। इस एयरबेस को पिछले सप्ताह पाकिस्तानी सेना की ओर से निशाना बनाने की कोशिश की गई थी। हालांकि, उनके नापाक मंसूबों पर भारतीय सशस्त्र बलों ने पानी फेर दिया था। राजनाथ की यह यात्रा जम्मू-कश्मीर की यात्रा, नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के एक दिन बाद हुई है। इससे पहले राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘नई दिल्ली से भुज (गुजरात) के लिए रवाना हो रहा हूं। भुज वायु सेना स्टेशन पर हमारे साहसी वायु योद्धाओं से बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं।’
बीते दिन किया था जम्मू-कश्मीर दौरा:
ऑपरेशन सिंदूर के बाद देश में अलग मौहौल बन चुका है। सीजफायर के बाद कल 15 मई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर का दौरा किया, और वहां की सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान रक्षा मंत्री ने श्रीनगर के बडामी बाग कैंटोनमेंट में सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा था कि, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की आतंकवाद के खिलाफ नीति को नए सिरे से परिभाषित किया है। अब भारत की नीति है कि भारतीय जमीन पर कोई भी हमला युद्ध माना जाएगा।’ उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को भारत की अब तक की सबसे बड़ी आतंकवाद विरोधी कार्रवाई बताया और कहा, ‘ये केवल बचाव नहीं था, बल्कि साहसिक निर्णय लेकर किया गया जवाब था। आतंकियों ने हमारे लोगों को धर्म देखकर मारा, हमने उन्हें उनके कर्मों की सजा दी। यह हमारा धर्म था।’
क्या है ऑपरेशन सिंदूर?
भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकियों के ठिकानों पर सटीक हमले किए। भारत द्वारा की गई यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पाहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में की गई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने 8, 9 और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश की, जिनका भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया। इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचा, जिनमें एयर बेस, रडार साइट्स, और कमांड सेंटर शामिल हैं।
यह भी पढ़े: TRAI ने जारी किए नए सिम कार्ड Rule, अब नहीं करवाना पड़ेगा महंगा रिचार्ज, यहां देखें पूरी डिटेल्स
Author: Abhishek Kumar
Let us live and strive for freedom! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












