ईपीएफओ रीजनल ऑफिस, पटना द्वारा जहानाबाद में “निधि आपके निकट 2.0” का सफल आयोजन
जहानाबाद कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के रीजनल ऑफिस, पटना द्वारा सोमवार को डीएवी पब्लिक स्कूल, जहानाबाद में “निधि आपके निकट 2.0” अभियान के तहत एक जिला संपर्क शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ईपीएफओ के सदस्यों, नियोक्ताओं और पेंशनभोगियों को उनकी वित्तीय और पेंशन संबंधी आवश्यकताओं के लिए त्वरित, सरल और सुगम सेवाएं प्रदान करना था।
शिविर का उद्घाटन डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य श्री के.के. पांडेय की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर ईपीएफओ रीजनल ऑफिस, पटना से श्री दिनेश मिश्रा (अकाउंट ऑफिसर) और श्री हिमांशु कानेर सिन्हा (सोशल सिक्योरिटी असिस्टेंट) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न किया।
शिविर में उपस्थित लोगों को निम्नलिखित सेवाएं प्रदान की गईं:
- पेंशनभोगियों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा
- आधार, बैंक खाता और अन्य दस्तावेजों का अद्यतन
- भविष्य निधि निकासी और हस्तांतरण से संबंधित समस्याओं का समाधान
- पेंशन योजनाओं और ऑनलाइन पोर्टल के उपयोग की जानकारी
- सदस्यों और नियोक्ताओं की शिकायतों और प्रश्नों का त्वरित निवारण
श्री दिनेश मिश्रा और श्री हिमांशु कुमार सिन्हा ने उपस्थित सदस्यों को डिजिटल सेवाओं और ईपीएफओ की विभिन्न योजनाओं के लाभों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस शिविर के माध्यम से जहानाबाद जिले के सदस्यों को ईपीएफओ की सुविधाओं का लाभ लेना और भी आसान हो जाएगा।
डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य श्री के.के. पांडेय ने ईपीएफओ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह शिविर शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की समस्याओं के समाधान के लिए अत्यंत सराहनीय पहल हैं।
शिविर में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और पेंशनभोगी उपस्थित रहे, जिन्होंने अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया और सरकारी योजनाओं के विभिन्न लाभों के प्रति जागरूकता प्राप्त की।
Jehanabad News: Camp organized for pension and PF services
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












