
बिहार के जहानाबाद में बालू माफिया के बढ़ते आतंक ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर माफिया ने जानलेवा हमला कर दिया। बालू माफिया ने थानेदार पंकज कुमार पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। हुलासगंज थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर में अवैध बालू खनन की सूचना पर थानेदार पंकज कुमार अपनी टीम के साथ छापेमारी के लिए पहुंचे। पुलिस टीम को देखते ही बालू माफिया के करीब 200 गुर्गों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। इस दौरान थानेदार पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की गई। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने वायरलेस पर तत्काल मदद मांगी। अधिकारियों के निर्देश पर आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद माफिया और उनके गुर्गे फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। थानेदार पंकज कुमार ने बताया कि माफिया की संख्या अधिक होने के कारण स्थिति मुश्किल हो गई थी। खनन विभाग की ओर से ट्रैक्टर चालक और मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना बिहार में बालू माफिया के बढ़ते हौसले को दिखाती है। शराब माफिया के साथ-साथ बालू माफिया की बढ़ती ताकत न केवल प्रशासन के लिए चुनौती है, बल्कि आम जनता के लिए भी खतरा है। अब देखना यह है कि पुलिस और प्रशासन इन माफियाओं पर नकेल कसने में कितनी कामयाब होती है।



















