
जहानाबाद बीपीएससी प्रश्न पत्र लीक कांड और बीपीएससी अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा किए गए कथित अत्याचार के मामले में बिहार में विरोध प्रदर्शन तेज होता जा रहा है। जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज जहानाबाद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया।
जन सुराज कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रशांत किशोर की गिरफ्तारी और पुलिस द्वारा उनके साथ कथित दुर्व्यवहार, जिसमें थप्पड़ मारने की घटना शामिल है, सरकार की तानाशाही और विफलता को दर्शाता है। आंदोलनकारियों ने इसे छात्रों के अधिकारों का दमन बताया और सरकार पर तानाशाह होने का आरोप लगाया।
छात्र हितों की उपेक्षा का आरोप
विरोध प्रदर्शन के दौरान जन सुराज कार्यकर्ताओं ने कहा कि बीपीएससी प्रश्न पत्र लीक के मुद्दे पर सरकार का रवैया बेहद गैरजिम्मेदाराना रहा है। छात्रों द्वारा परीक्षा रद्द करने की मांग पर जबरन पुलिस बल का इस्तेमाल किया गया, जिसमें छात्रों को लाठियों का सामना करना पड़ा और कुछ ने अपनी जान तक गंवा दी।
आंदोलनकारियों ने सरकार से मृत छात्रों के परिजनों को मुआवजा देने और बीपीएससी परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर छात्रों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो आने वाले विधानसभा चुनाव 2025 में इसका खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा। आंदोलनकारियों ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार के बावजूद छात्रों पर अत्याचार बढ़ रहा है। जब प्रशांत किशोर जैसे लोग छात्रों के हितों के लिए आवाज उठाते हैं, तो उन पर हमला किया जाता है। यह घटना सरकार की असफलताओं और दबावपूर्ण रवैये को उजागर करती है। जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन केवल शुरुआत है। आने वाले दिनों में यह आंदोलन पूरे बिहार में और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार की कथित विफलता और तानाशाही के खिलाफ जन सुराज जनता को लामबंद करेगा।
इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और जन सुराज से जुड़े लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार को “नाकाम” और “तानाशाही” करार देते हुए कहा कि अब जनता चुप नहीं बैठेगी।
जन सुराज के इस विरोध प्रदर्शन ने बिहार की राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है। अब देखना यह है कि सरकार इन मांगों पर क्या कदम उठाती है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !



















